झारखंड के गढवा में लव जिहाद का मामला, युवती से पहचान छिपा कर बनाया संबंध, गर्भवती होने पर शादी से इनकार

गढवा : झारखंड के गढवा जिले के मेराल प्रखंड में लव जिहाद का मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने एक युवती को अपनी पहचान छिपा कर पहले प्रेम जाल में फंसाया और फिर उसके बाद शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाया। जब युवती गर्भवती हो गयी तो उसने शादी से इनकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार, हासिम अंसारी नामक युवक ने खुद को अभिषेक बताते हुए अनुसूचित जाति की एक लड़की से दोस्ती की और फिर उससे प्रेम संबंध में फंसाया। उसने लड़की से शारीरिक संबंध बनाया। लड़की जब गर्भवती हो गयी तो वह शादी की बात से मुकर गया। लड़की ने बताया कि लड़के ने उसे अपना नाम अभिषेक बताया था और उससे रिश्ता कायम किया।
लड़की ने गढवा सदर अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
गढवा के एसडीपीओ अवध कुमार यादव ने कहा कि लड़के ने अपनी पहचान छिपा कर लड़की को शादी का वादा कर संबंध बनाया। उन्होंने कहा कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और युवक हासिम अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
उल्लेखनीय है कि अंतर धार्मिक संबंध या विवाह पर कोई रोक नहीं है। लेकिन, अपनी धार्मिक व निजी पहचान छिपा कर संबंध बनाने व विवाह करने को लेकर कई राज्यों ने कानून बनाया है या इस दिशा में पहल की है। मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश जैसे राज्यों ने इस दिशा में पहल की है।


