झारखंड के चर्चित आइपीएस सीआइडी के एडीजी अनुराग गुप्ता को सीएम हेमंत ने क्यों सस्पेंड किया?

रांची : सीआइडी के एडीजी अनुराग गुप्ता को सस्पेंड कर दिया गया है. इस संबंध में गृह विभाग ने आज आदेश दिया है. अनुराग गुप्ता राज्य के चर्चित आइपीएस अधिकारी हैं और 1990 बैच के अफसर हैं. गुरुवार शाम को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन्हें निलंबित करने का आदेश दिया था.
आज गृह विभाग का कार्यालय खुलने के बाद इस संबंध में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गयीं. उन पर 2016 के राज्यसभा चुनाव के दौरान गड़बड़ी करने का आरोप लगा था. चुनाव आयोग की जांच व निर्देश के बाद उनके खिलाफ 29 मार्च 2018 को रांची के जगरनाथपुर थाने में आइपीसी की धाराओं 171बी व 171 के तहत मामला दर्ज किया गया था. उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई का भी निर्देश दिया गया था.
बाबूलाल ने की थी गड़बड़ी की शिकायत
झाविमो के सर्वेसर्वा बाबूलाल मरांडी ने राज्यसभा चुनाव 2016 के दौरान उनके खिलाफ कथित गड़बड़ी की शिकायत की थी. इसको लेकर 2017 में एक सीडी जारी किया गया था. इसमें भाजपा उम्मीदवार को वोट देने के लिए पूर्व मंत्री योगेंद्र साव व एडीजी अनुराग गुप्ता के बीच बातचीत का उल्लेख किया गय था. इसके बाद चुनाव आयोग द्वारा मामले की जांच की गयी थी. बाद में तत्कालीन मुख्य सचिव को लिखे गए पत्र में अनुराग गुप्ता के खिलाफ कार्रवाई को कहा गया था. झामुमो ने विपक्ष में रहते हुए यह मामला सदन में भी जोरदार ढंग से उठाया था.


