झारखंड में शिक्षकों के 24 हजार पदों का होगा सृजन, आपको भी मिल सकता है मौका

रांची : झारखंड के आठ हजार मध्य विद्यालयों में शिक्षकों के करीब 24 हजार पदों का सृजन होगा। यह पद सृजन प्राथमिक विद्यालय से मध्य विद्यालय में अपग्रेड किए गए विद्यालयों में होगा। प्राथमिक शिक्षा निदेशालय से इसकी प्रक्रिया शुरू की गयी है और इसको लेकर प्राथमिक शिक्षा निदेशक ने झारखंड शिक्षा परियोजना निदेशक को पत्र लिखा है। शिक्षा परियोजना निदेशालय से अपग्रेड किए गए विद्यालयों के बारे में जानकारी मांगी गयी है।

प्राथमिक शिक्षा निदेशक की ओर से कहा गया है कि झारखंड शिक्षा परियोजना द्वारा संचालित नव सृजित मध्य विद्यालय व उत्क्रमित मध्य विद्यालय में पद सृजन की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा। इसके लिए जिलावार जानकारी मांगी गयी है।

ऐसे विद्यालय द्वारा झारखंड सरकार द्वारा प्राथमिक विद्यालय के रूप में संचालित हैं और उन्हें झारखंड शिक्षा परियोजना द्वारा उत्क्रमित किया गया है या ऐसे प्राथमिक विद्यालय को झारखंड शिक्षा परियोजना द्वारा संचालित हैं और उन्हें मध्य विद्यालय में उत्क्रमित किया गया है, उनके बारे में जानकारी मांगी गयी है।

इसमें नामांकित छात्र, शिक्षक, पारा शिक्षक व पारा शिक्षक की योग्यता की जानकारी देने को कहा गया है। इसका फार्मेट भी सौंपा गया है। मध्य विद्यालय में चरणबद्ध रूप से पद सृजन किया जा सकता है। ऐसे विद्यालय जिसमें छात्रों की संख्या 100 से अधिक हैं, वहां प्रथम चरण में पद सृजित किया जाएगा। मालूम हो कि शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत एक मध्य विद्यालय में तीन स्नातक प्रशिक्ष्ति शिक्षकों का होना अनिवार्य है। विद्यालयों को अपग्रेड करने की प्रक्रिया 2004-05 में शुरू की गयी और यह 2012-13 तक चली।

 

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More