Lohardaga News: जंगली भालूओं के हमले में एक युवक जख्मी, सदर अस्पताल में भर्ती
-1024x614.jpg)
लोहरदगा: इन दिनों लोहरदगा जिले के पेशरार थाना अंतर्गत भालुओं का आतंक फैला हुआ है. विगत कुछ दिनों में जंगली भालुओं ने कई लोगों को घायल कर दिया है. जानकारी के मुताबिक एक बार फिर जंगली भालुओं के हमले से एक युवक घायल हो गया है. घायल युवक का इलाज सदर अस्पताल लोहरदगा में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. घायल युवक की पहचान चारी गांव निवासी राजेंद्र असुर के रूप में हुई है.
इस संबंध में बताया गया कि राजेंद्र असुर घर के बाहर झाड़ियों के पास शौच करने के लिए गया था. इतने में दो जंगली भालुओं ने उस पर हमला कर दिया. इस हमले में वह घायल हो गया. ग्रामीण किसी तरह घायल युवक को सदर अस्पताल लोहरदगा ले गये, जहां उसका इलाज चल रहा है. घटना की सूचना पाकर वन विभाग की टीम भी अस्पताल पहुंची और घायल के परिजनों को आर्थिक सहायता के रूप में दस हजार दिया.


