दुमका: स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत अनुबंध कर्मियों का मानदेय दो महीने से बकाया, आंदोलन की चेतावनी


दुमका : दुमका जिले के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत अनुबंध कर्मियों का मानदेय विगत दो महीने से नहीं मिला है। अनुबंध कर्मियों के अंतर्गत एएनएम, जीएनएम, कार्यक्रम प्रबंधक इकाई, सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी, फार्मेसिस्ट, एलटी आदि अनुबंध कर्मी आते हैं। सभी अनुबंध कर्मियों का अल्प मानदेय है और दो महीना से मानदेय नहीं मिलने के कारण घर, परिवार और ड्यूटी करने में आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है।
समय पर बच्चों का स्कूल फ़ीस नहीं जमा होने पर बच्चों की पढाई पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। इसके साथ-साथ बड़े बुजुर्गाें की चिकित्सा, दवा आदि के लिए भी काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
आज दुमका सदर प्रखंड के सभी अनुबंध कर्मियों ने सिविल सर्जन, दुमका के नाम लिखित आवेदन देकर गुहार लगाया कि जल्द.से जल्द मानदेय देने की कृपा करें। अनुबंध कर्मियों द्वारा जिला लेखा प्रबंधक रविंदर कुमार सिंह से मिलने पर अश्वासन दिया गया कि जल्द ही राज्य से फंड आ जाएगा। अनुबंध कर्मियों ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि अगर जल्द ही मानदेय नही दिया जाता है तो अनुबंध कर्मी आंदोलन करने को विवश होंगे और इसकी पूरी जिम्मेवारी स्वयं विभाग की होगी।
इस मौके पर अनुशुभाषणी मरांडी, अंजना कुमारी, सुशीला सोरेन, मोनिका मुर्मू, शिल्वान्ति सोरेन, रेशमा टुडू, सुमन खालको, गीता कुमारी, मो मिराज अख्तर, नेली रोजमेरी मरांडी, सबिना हांसदा, बालिका मुर्मू, प्रेमलता मुर्मू, राहेल टुडू, जयश्री मरांडी, ओलिव वाणी सोरेन, अंजना स्नेहलता बास्की आदि उपस्थित थे।


