Giridih News: 24 वर्षों की सेवा के बाद चालक विक्रम तुरी को सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में दी गई भावभीनी विदाई

स्नेह मिलन सह विदाई समारोह में विद्यालय परिवार ने अंगवस्त्र समेत उपहार देकर किया सम्मानित
गिरिडीह: बरगंडा में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में बुधवार, 30 सितंबर 2026 को विद्यालय के समर्पित कर्मचारी विक्रम तुरी के सम्मान में स्नेह मिलन सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय परिवार ने उनकी 24 वर्षों की समर्पित एवं कर्तव्यनिष्ठ सेवा के लिए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
विक्रम तुरी ने 1 फरवरी 2002 से 29 सितंबर 2026 तक लगातार 24 वर्षों तक विद्यालय में अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने चालक एवं सह-चालक के रूप में अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। विद्यालय के नौनिहालों को सुरक्षित घर से विद्यालय और विद्यालय से घर पहुंचाना हमेशा उनकी प्राथमिकता रही।
सेवाकाल के दौरान पैर टूट जाने के कारण जब वे कुछ समय तक वाहन चलाने में असमर्थ हो गए, तब भी उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों से मुंह नहीं मोड़ा। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में द्वारपाल के रूप में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व का निर्वहन किया। उनकी कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण विद्यालय परिवार के लिए प्रेरणास्रोत रहा।
विदाई समारोह में विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें अंगवस्त्र, घड़ी, चांदी की अंगूठी, चैन, पंखा एवं अटैची प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही अर्जित अवकाश एवं ग्रेच्युटी की राशि का चेक भी प्रदान किया गया।
मौके पर प्रधानाचार्य आनंद कमल ने कहा कि विक्रम तुरी ने अपने कार्यों से यह सिद्ध किया कि पद छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि काम के प्रति भावना और समर्पण महत्वपूर्ण होता है। चाहे स्टेयरिंग संभालने की जिम्मेदारी हो या विद्यालय के द्वार की निगरानी, उन्होंने हर दायित्व को पूरी निष्ठा और सम्मान के साथ निभाया। यही विद्या मंदिर की संस्कृति है।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी आचार्य बंधु, दीदी जी एवं समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने विक्रम तुरी के स्वस्थ, सुखद एवं मंगलमय भविष्य की कामना की।


