प्रेमिका से मिलना प्रेमी को पड़ा महंगा, ग्रामीणों ने पेड़ से बांधकर बनाया बंधक

गावां: गावां थाना क्षेत्र के झाराढाब गांव में एक युवक और शादीशुदा महिला को पेड़ से बांधकर मारपीट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक गहमा-गहमी का माहौल रहा। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, बिहार के नवादा जिले के बिशनपुर का रहने वाला एक युवक अपनी प्रेमिका (जो कि शादीशुदा है) से मिलने झाराढाब गांव स्थित उसके घर पहुंचा था। जैसे ही ग्रामीणों को इस बात की भनक लगी, उन्होंने युवक को मौके पर ही घेर लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने महिला को भी बाहर बुलाया और दोनों को एक पेड़ से कसकर बांध दिया। आरोप है कि पेड़ से बांधने के बाद ग्रामीणों ने दोनों से पूछताछ की और उनके साथ मारपीट भी की। इस दौरान वहां मौजूद किसी शख्स ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस ने छुड़ाकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही गावां थाना पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के चंगुल से दोनों को सुरक्षित छुड़ाया और थाने ले आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचित कर दिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी जय प्रकाश कुमार ने कहा कि वायरल वीडियो की पड़ताल की जा रही है और कानून हाथ में लेने वाले लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


