Garhwa News: आपस में टकरायीं झामुमो विधायक के काफिले की गाड़ियां

गढ़वा: गढ़वा से झामुमो के नवनिर्वाचित विधायक अनंत प्रताप देव के काफिले की गाड़ियों के आपस में टक्कर हो गयी. टक्कर से 3 गाड़ियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं. यह हादसा मंगलवार को भवनाथपुर-श्रीबंशीधरनगर मुख्य पथ पर वन डिपो के पास हुआ. जानकारी के मुताबिक विधायक अनंत प्रताप देव बाबा वंशीधर मंदिर और केतार मां भगवती का आशीर्वाद लेने जा रहे थे. इसी दौरान केतार जाने के क्रम में विधायक के काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गईं.
घटना के बाद मौके पर मौजूद विधायक ने गाड़ी में सवार समर्थकों का हाल चाल जाना. साथ ही घायलों को अस्पताल भेजा. विधायक के काफिले में डेढ़ दर्जन गाड़ियां एक साथ चल रही थीं. यह काफिला तेज गति से केतार जाने के लिए गुजर रहा था. तभी अचानक एक गाड़ी का संतुलन बिगड़ा, इससे पीछे से आ रही अन्य गाड़ियां भी आपस में टकरा गईं और यह हादसा हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया. इस दौरान विधायक अनंत प्रताप देव और उनके काफिले के अन्य सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.


