लोहरदगा के पूर्व विधायक कमल किशोर भगत का निधन, पत्नी भी कमरे में मिलीं बेहोश

लोहरदगा : लोहरदगा से आजसू के विधायक रहे कमल किशोर भगत का निधन हो गया है। शुक्रवार को लोहरदगा स्थित उनके घर के बंद कमरे से उनका शव दरवाजा तोड़ कर निकाला गया। वहीं, उनकी पत्नी नीरू शांति भगत बेहोशी की हालत में मिलीं।
जानकारी के अनुसार, कमल किशोर भगत बीते कुछ दिनों से बीमार थे। उनकी मौत के कारणों का ठीक से पता नहीं चल सका है। उनकी पत्नी को इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स भेजा गया है। कमल किशोर भगत की पत्नी नीरू शांति भगत 2019 का विधानसभा चुनाव लड़ी थीं, लेकिन कांग्रेस के रामेश्वर उरांव से हार गयी थीं।
अभी तो संघर्ष का सफर बाकी था “बबलू दा”
झारखंड आंदोलनकारी, पूर्व विधायक, हमेशा बड़े भाई की भूमिका अदा करने वाले कमल किशोर भगत के असामयिक निधन ने मन को झकझोर कर रख दिया है। आजसू पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति। pic.twitter.com/cPze96kNrN
— Sudesh Mahto (@SudeshMahtoAJSU) December 17, 2021
कमल किशोर भगत 2009 व 2014 में लोहरदगा से चुनाव जीते थे और पार्टी के उपाध्यक्ष के पद पर थे। डॉ केके सिन्हा से जुड़े एक मामले में अदालत ने उन्हें सजा सुनायी थी, जिसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द हो गयी थी।
रिपोर्ट के अनुसार, 55 वर्षीय कमल किशोर भगत को डायबिटीज व ब्लडप्रेशर की समस्या थी। कमल किशोर भगत के निधन पर झारखंड की विभिन्न राजनीतिक हस्तियों ने शोक जताया है।
लोहरदग्गा के पूर्व विधायक,आजसू पार्टी के वरीय नेता और झारखंड आंदोलनकारी श्री कमल किशोर भगत की असामायिक मृत्यु की खबर से आहत हूँ।आजसू पार्टी में उनके नेतृत्व की कमी हमेशा महसूस की जाएगी । ईश्वर उनके परिवार को इस दुःख की घड़ी में शक्ति दे और दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे ।
— Chandra Prakash Choudhary (@CPChoudharyAJSU) December 17, 2021


