राज्यसभा चुनाव की तारीखों का एलान, 19 जून को होगा मतदान

नयी दिल्ली : राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव की तारीख का एलान हो गया है. चुनाव आयोग के अनुसार, इस महीने की 19 तारीख को चुनाव के लिए मतदान होगा. पहले चुनाव के लिए मतदान 24 मार्च को तय किया गया था, लेकिन कोरोना महामारी के वजह से लगे लाॅकडाउन के कारण यह टल गया. इस चुनाव में झारखंड की दो सीटों सहित देश की कुल 18 सीटों के लिए मतदान होना है.
पहले ही जिन प्रदेशों में सीट की संख्या के बराबर प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे, उन्हें विजेता घोषित किया जा चुका है. लेकिन जिन प्रदेशों में सीट की संख्या से अधिक प्रत्याशी हैं, वहां मतदान होना है. झारखंड में दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं. इनमें झामुमो के अध्यक्ष शिबू सोरेन, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश व कांग्रेस के शाहजादा अनवर उम्मीदवार हैं. झारखंड में तीसरी सीट के लिए कड़ा मुकाबला होगा और जीत हार निर्दलीयों व छोटे दलों से तय होगा.
17 राज्यों में 55 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव का एलान हुआ था, जिनमें 35 सीटें पर उम्मीदवार निर्विरोध विजयी घोषित हुए, इस तरह 18 सीटों पर चुनाव शेष रह गया. इसमें आंध्रप्रदेश व गुजरात की चार-चार, मध्यप्रदेश व राजस्थान की तीन-तीन, झारखंड की दो व पूर्वाेत्तर राज्य मेघालय व मिजोरम की एक-एक सीटें शामिल हैं. 19 तारीख को वोटिंग सुबह नौ बजे से होगी.


