झारखंड चुनाव : राहुल गांधी की तरह दो सीटों से लड़ेंगे हेमंत सोरेन, 13 सीटों के उम्मीदवारों का नाम जानें

 

रांची : शिबू सोरेन एवं हेमंत सोरेन की पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने आज झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए 13 उम्मीदवारों के नामों का एलान किया. पार्टी की इस सूची में ज्यादातर संताल परगना क्षेत्र की सीटों के उम्मीदवारों के नाम है. पार्टी ने अपने कार्यकारी अध्यक्ष व सदन में नेता विपक्ष हेमंत सोरेन को इस बार दो सीटों से उम्मीदवार बनाया है. हेमंत सोरेन को दुमका एवं बरहेट दोनों सीटों से प्रत्याशी बनाया गया है.

पिछली बार भी हेमंत सोरेन दोनों सीटों से लड़े थे, लेकिन दुमका में भाजपा की लुईस मरांडी से हार गए थे, जबकि बरहेट से जीते थे. इस बार वे चैथी बार दुमका सीट से लड़ेंगे और मुकाबला लुईस मरांडी से ही होगा. हेमंत सोरेन बरहेट से 29 नवंबर को जबकि दुमका से दो दिसंबर को पर्चा दाखिल करेंगे.

झामुमो का यह फैसला उसी तरह का माना जा रहा है, जिस प्रकार इस बार राहुल गांधी ने अमेठी एवं करेल के वायनाड दो सीटों से चुनाव लड़ा था. इसमें से अपनी परंपरागत सीट अमेठी से राहुल गांधी हार गए थे. हेमंत सोरेन की परंपरागत सीट दुमका है.

इसके अलावा पार्टी ने मधुपुर से हाजी हुसैन अंसारी, निरसा से अशोक मंडल, चंदनकियारी से विजय रजवार, बोरिया से लोबिन हेंब्रम, राजमहल से केताबुद़दीन शेख, लिट्टीपाड़ा से दिनेश विलियम मरांडी, महेशपुर से स्टीफन मरांडी, शिकारीपाड़ा से नलिन सोरेन, जामा से शिबू सोरेन की बहू सीता सोरेन, नाला से रवींद्र नाथ महतो और पोड़ैयाहाट से अशोक कुमार को मैदान में उतारा है.

संताल परगना वह इलाका है, जहां झामुमो की अपेक्षाकृत मजबूत पकड़ रही है और पार्टी के प्रमुख नेता इसी इलाके से आते रहे हैं. खुद सोरेन परिवार इस इलाका का संसद व विधानसभा में प्रतिनिधित्व करता रहा है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More