धनबाद के जज उत्तम आंनद के मौत मामले में झारखंड हाइकोर्ट ने कहा, नार्काे टेस्ट रिपोर्ट प्लेन से लाएं, ट्रेन से नहीं

रांची : धनबाद के एडीजे उत्तम आंनद के मौत मामले में शुक्रवार को झारखंड हाइकोर्ट में सुनवाई हुई। मामले की सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश डॉ रवि रंजन और न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद की खंडपीठ ने सीबीआइ से कहा कि आरोपियों के नार्काे टेस्ट की रिपोर्ट विमान से लाया जाए, क्योंकि ट्रेन में उसमें छेड़छाड़ हो सकती है।
मामले की सुनवाई के दौरान सीबीआइ की ओर से कोर्ट को बताया कि मामले की जांच चल रही है और नार्काे टेस्ट के लिए सैंपल दूसरे राज्य भेजा गया है। इस पर अदालत ने कहा कि जांच रिपोर्ट को हवाई जहाज से लाया जाए क्योंकि ट्रेन से आने के दौरान उसमें छेड़छाड़ हो सकती है।
वहीं, गृह सचिव ने बताया कि एफएसएल लैब का विस्तारीकरण करने के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है और इसे जल्द शुरू कर दिया जाएगा। इससे सारी जांच प्रक्रिया राज्य में ही पूरी हो सकेगी।
अदालत ने मामले की सुनवाई के दौरान जज उत्तम आनंद मौत मामले में आरोपी लखन वर्मा व राहुल वर्मा को नार्काे टेस्ट के लिए ट्रेन से भेजे जाने पर भी आपत्ति जतायी। अदालत ने कहा कि ये दोनों इस केस के लिए काफी महत्वपूर्ण हैं और इनकी सुरक्षा कड़ी करने के साथ ही उन्हें सेवा विमान से ही वापस लाया जाए।
मालूम हो कि 28 जुलाई 2021 को धनबाद के जज उत्तम आनंद की उस समय ऑटो के धक्के से मौत हो गयी थी, जब वे सुबह सड़क पर जागिंग कर रहे थे। इस मामले के फुटेज में यह दिख रहा है कि ऑटो ने सड़क से किनारे जाकर धक्का मारा और फिर ड्राइवर उसे रोड पर लेकर चलता बना। इस मामले में ऑटो चालक व उस पर सवार एक अन्य शख्स को आरोपी बनाया गया है। मामले के तूल पकड़ने के बाद इसकी जांच सीबीआइ को सौंपी गयी और अदालतों ने देश के जजों की सुरक्षा पर सवाल उठाया। एडीजे उत्तम आनंद धनबाद के कई हाइ प्रोफाइल मामलों की सुनवाई कर रहे थे।


