दीपक प्रकाश सात दिवसीय सांगठनिक दौरे पर चार को जाएंगे संताल परगना

रांची: प्रदेश भाजपा ने सांगठनिक मजबूती के साथ राज्य सरकार के खिलाफ सदन से सड़क तक आन्दोलन का बिगुल फूंक दिया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश चार सितंबर से सात दिवसीय संताल परगना क्षेत्र के प्रवास पर निकल रहे हैं। भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं संताल परगना प्रमंडल के प्रभारी प्रदीप वर्मा ने शुक्रवार को बताया कि दीपक प्रकाश चार सितंबर की सुबह रांची से देवघर के लिये प्रस्थान करेंगे।

श्री प्रकाश देवघर में जिला कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद सारठ, मधुपुर और देवघर विधानसभा क्षेत्र की बैठक में शामिल होंगे। पांच सितंबर को प्रदेश अध्यक्ष गोड्डा में जिला कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद गोड्डा, महगामा और पोड़ैयाहाट विधानसभा क्षेत्र की बैठक में शामिल होंगे। छह सितंबर को दुमका ज़िला कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद शिकारीपाड़ा, जामा, जरमुंडी एवम दुमका विधानसभा क्षेत्र की बैठक को संबोधित करेंगे।

सात सितंबर को जामताड़ा प्रवास पर रहेंगे। जहां वे जामताड़ा ज़िला के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने के बाद नाला और जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र की बैठक में भाग लेंगे। आठ सितंबर को पाकुड़ के कार्यकर्ताओं के जिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे। नौ सितंबर को पाकुड़ ज़िला के पाकुड़ ,लिट्टीपाड़ा एवम महेशपुर विधानसभा क्षेत्र की बैठक में शामिल होने के बाद साहेबगंज के लिये प्रस्थान करेंगे।

दस सितंबर को साहेबगंज के जिला कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने के बाद राजमहल, बोरियो और बरहेट विधानसभा क्षेत्र के बैठक में शामिल होंगे। वर्मा ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष सभी जिलों में जनजाति सम्मेलन एवम प्रबुद्ध जनों की बैठक को भी संबोधित करेंगे। 11 सितंबर को वह रांची लौटेंगे।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More