छत्तीसगढ़ में शहीद शांति भूषण तिर्की का शव रांची पहुंचा, मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

Ranchi: छत्तीसगढ़ के बीजापुर में हुए नक्सली हमले में शहीद सीआरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट शांति भूषण तिर्की का शव रविवार को रांची पहुंचा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने धुर्वा स्थित सीआरपीएफ मुख्यालय में उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनके पार्थिव शरीर पर फूल चढ़ा कर उनकी शहादत को नमन किया गया। बता दें कि शांति भूषण तिर्की की शहादत पर पूरा देश गर्व कर रहा है और उनके योगदान के लिए उन्हें याद किया।
झारखण्ड के लाल, असिस्टेंट कमांडेंट वीर शहीद शांति भूषण तिर्की जी के शहादत को शत-शत नमन। pic.twitter.com/YpfBzexpMr
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) February 13, 2022
शनिवार को नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए थे शांति भूषण
शनिवार सुबह सीआरपीएफ 168 बटालियन की टुकड़ी छत्तीसगढ़ में बासागुड़ा थाने के डोंगल चिंता नामक नाला के पास पहुंची तो माओवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। सीआरपीएफ के जवानों ने भी जवाबी फायरिंग की। लेकिन उसी बीच शांति भूषण को गोली लगी और वे शहीद हो गए। एक अन्य जवान अप्पाराव घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए तत्काल हेलीकॉप्टर से जगदलपुर भेजा गया। रविवार को शांति भूषण का पार्थिव शरीर हेलिकॉप्टर से रांची लाया गया।
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में हुए नक्सली हमले में शहीद हुए झारखंड के वीर सपूत शांति भूषण तिर्की को रांची में अंतिम विदाई दी गई
मुख्यमंत्री ने शहीद की ढाई साल की बेटी को अपने गोद में उठा लिया और उसे काफी देर तक खिलाते रहे,सीएम ने मासूम से कहा कि वह हमेशा आपके साथ हैं#JaiHind pic.twitter.com/9FXfcRxCuU
— Sohan singh (@sohansingh05) February 13, 2022
रांची में ही रहता है शांति भूषण का परिवार
शशिभूषण मूल रूप से सिमडेगा जिले के बोलबा के रहने वाले थे। लेकिन उनका परिवार रांची के डिबडीह में रहता है। परिवार वालों को शनिवार को ही शांति भूषण के शहीद होने की खबर दे दी गयी थी। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। शांति भूषण की पत्नी और एक छोटी बेटी भी है। बताया जा रहा है कि रांची में ही शांति भूषण का अंतिम संस्कार किया जाएगा। फिलहाल उनका शव डिबडीह स्थिच उनके आवास पहुंचा दिया गया है।


