सीएम हेमंत के हेलीकॉप्टर को रोके जाने मामले में सीईओ ने एयरपोर्ट निदेशक को लिखा पत्र, मांगा जवाब

झामुमो के स्टार प्रचारक हेमंत सोरेन के हेलीकॉप्टर को रोके जाने संबंधी मामले पर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट ऑथोरिटी के निदेशक को वस्तुस्थित से अवगत कराने हेतु मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने पत्र लिखा है. पत्र में 6 नवंबर पूर्वाह्न तक वस्तुस्थिति से अवगत कराने को कहा गया है. 

रांची: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) के.रवि कुमार ने कहा है कि विधानसभा निर्वाचन 2024 में सभी प्रत्याशियों के लिए एकसमान अवसर उपलब्ध करने के उद्देश्य से राज्य में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का अनुपालन कराया जा रहा है. झारखण्ड मुक्ति मोर्चा द्वारा उनके स्टार प्रचारक हेमंत सोरेन का हेलीकॉप्टर रोके जाने की शिकायत प्राप्त हुई है. संबंधित मामले पर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट ऑथोरिटी के निदेशक को 6 नवंबर पूर्वाह्न तक वस्तुस्थिति से अवगत कराने हेतु पत्र लिखा गया है.

उन्होंने कहा है कि इस तरह की स्थिति उत्पन्न न हो और कोई संवादहीनता न रहे  इस बात को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट ऑथोरिटी के साथ 23 अक्टूबर को निर्वाचन सदन में राजनीतिक दलों संग एयरपोर्ट ऑथोरिटी की बैठक भी आयोजित की गई थी. बैठक में सभी राजनीतिक दलों को एयरपोर्ट ऑथोरिटी के वीआईपी मूवमेंट से संबंधित दिशा निर्देशों से अवगत कराते हुए संशय की स्थिति में संपर्क करने हेतु नंबर भी साझा किए गए थे. ताकि विधानसभा निर्वाचन में सभी के लिए एक समान अवसर प्राप्त हो.

लेखक के बारे में

By Subodh Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More