Bokaro News: तेनुघाट में नौ दिवसीय श्रीमद् देवी महापुराण भक्ति एवं ज्ञान यज्ञ शुरू, श्रद्धालुओं में उत्साह

तेनुघाट के न्यू मार्केट दुर्गा मंदिर में शुरू हुआ देवी महापुराण ज्ञान यज्ञ।
19 अक्टूबर तक चलेगा धार्मिक आयोजन, कथा वाचन और भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ न्यू मार्केट दुर्गा मंदिर परिसर

बोकारो: शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर तेनुघाट के न्यू मार्केट स्थित दुर्गा मंदिर में नौ दिवसीय श्रीमद् देवी महापुराण भक्ति एवं ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। ब्रह्मलीन उर्मिला गुप्ता की पुण्य स्मृति में आयोजित यह धार्मिक कार्यक्रम 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। प्रतिदिन शाम सात बजे से कथा और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद के भाई एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य चित्रगुप्त महतो ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर तेनुघाट ग्राम पंचायत की मुखिया नीलम श्रीवास्तव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

ब्रह्मचारी आशुतोष चैतन्य महाराज कर रहे कथा वाचन

यज्ञ में कथा वाचक श्री श्री 1008 ब्रह्मचारी आशुतोष चैतन्य जी महाराज, जो मध्य प्रदेश के त्रिदण्डी आश्रम एवं शंकराचार्य आश्रम से जुड़े हैं, देवी भागवत की कथा सुना रहे हैं। कथा के दौरान मां दुर्गा के नौ स्वरूपों, शक्ति उपासना और शारदीय नवरात्र के धार्मिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला जा रहा है।

स्व. उर्मिला गुप्ता की स्मृति में आयोजन

आयोजक दया शंकर गुप्ता ने बताया कि ब्रह्मलीन उर्मिला गुप्ता की स्मृति में इस यज्ञ का आयोजन किया गया है। इसका उद्देश्य क्षेत्र में भक्ति, आध्यात्मिक ज्ञान और धर्म का प्रचार-प्रसार करना है।

कथा श्रवण के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। वहीं, भजन मंडली की ओर से प्रस्तुत भक्ति संगीत से मंदिर परिसर का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। नौ दिवसीय आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

लेखक के बारे में

By निर्मल महाराज

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More