Bokaro News: DVC के पावर प्लांट में लगी आग, एक यूनिट बंद

बोकारो: बोकारो स्थित डीवीसी के 500 मेगावाट के पावर प्लांट में बुधवार की सुबह अचानक आग लग गयी. जिसके बाद आनन फानन में पावर प्लांट के एक यूनिट को बंद कर दिया गया, जबकि दूसरा पैनल पूरी तरह से जलकर खाक हो गया. आग पावर प्लांट के टरबाइन फ्लोर के नीचे एचटी पैनल में लगी. आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है. बताया गया कि पावर प्लांट के टरबाइन फ्लोर के नीचे साढ़े तीन मीटर हाईट पर लगे एचटी पैनल के इलेक्ट्रिकल ब्रेकर के वन बीबी बोर्ड में शार्ट सर्किट से आग लगी.
घटना की सूचना पावर प्लांट के सीआईएसएफ फायर विंग को दी गई. फायर विंग के जवानों एवं अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए धधकती आग को कड़ी मशक्कत के बाद बुझाने में सफलता हासिल की. इस दौरान पैनल और बोर्ड पूरी तरह से जलकर खाक हो गया. आग लगने से बर्बाद हुए इलेक्ट्रिकल सिस्टम के काम नहीं करने पर यूनिट भी ट्रिप कर गया. घटना के समय यूनिट से लगभग 350 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा था. फिलहाल विभाग आग लगने की कारणों की जांच में जुट गया है.


