Bokaro News: दिसंबर में राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा बोकारो, देशभर की बेटियां दिखाएंगी दमखम

डीपीएस बोकारो में 27 से 30 दिसंबर तक होगी 36वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता
बोकारो: एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया (एकेएफआई) से संबद्ध कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड के तत्वावधान में आगामी दिसंबर में इस्पातनगरी बोकारो एक राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता की मेजबानी करने जा रही है। एकेएफआई से आवंटन मिलने के बाद एसोसिएशन के बैनर तले सेक्टर-4 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो में 27 से 30 दिसंबर, 2026 तक 36वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता (बालिका) का आयोजन किया जाएगा। इसमें देशभर के सभी राज्यों से चयनित लगभग 600 प्रतिभागियों के भाग लेने की संभावना है। खिलाड़ियों के आवासन और खेलने के लिए डीपीएस बोकारो परिसर में भव्य इनडोर क्षेत्र की व्यवस्था की गई है।
शनिवार को डीपीएस बोकारो में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रतियोगिता आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष एवं विद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए.एस. गंगवार तथा कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष गोपाल ठाकुर ने इसकी जानकारी दी। डॉ. गंगवार ने कहा कि राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता की बेहतर मेजबानी के लिए दिल्ली पब्लिक स्कूल पूरी तरह तैयार है। विभिन्न राज्यस्तरीय एवं क्लस्टर स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के बाद राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी प्रतियोगिता की मेजबानी विद्यालय परिवार, बोकारो जिले और पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए डीपीएस बोकारो का चयन किए जाने पर उन्होंने एसोसिएशन के प्रति आभार व्यक्त किया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपाल ठाकुर ने बताया कि झारखंड के प्रतिभावान खिलाड़ियों को उचित मंच देकर उनका भविष्य संवारने के लिए एसोसिएशन राज्य के विभिन्न जिलों में अलग-अलग स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन करता रहा है। पूर्व के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष बोकारो में बालिकाओं की राष्ट्रीय सब-जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं झारखंड विधानसभा के सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक सह टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो के सहयोग को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने खेल और खिलाड़ियों के विकास में राज्य सरकार की भूमिका को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि विभागीय और जिला प्रशासन के सहयोग से यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता सफल एवं यादगार साबित होगी।
हाल ही में जापान में संपन्न एशियन गेम्स से लौटे बोकारो निवासी कबड्डी के अंतरराष्ट्रीय तकनीकी अधिकारी बिपिन कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ-साथ कई द्रोणाचार्य एवं अर्जुन पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ी और भारतीय सीनियर कबड्डी टीम के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल होंगे। वे प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करेंगे।
प्रेसवार्ता में मुकेश कुमार, डॉ. चंद्र किशोर ठाकुर, कुमार अमरदीप, मनोरंजन कुमार, हर्ष आर्यन, मुकेश अग्रवाल, पवन सिंह, श्वेता कुमारी, पल्लवी, विक्की पांडेय और कुलदीप झा सहित अन्य उपस्थित रहे।


