बोकारो: चुनावी ढर्रा बदलना एकमात्र लक्ष्य: सुदेश

बोकारो: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि अब जनमत जुटाने और जीत का श्रेय पार्टी के नेता नहीं बूथ के कार्यकर्ता औपर चूल्हा प्रमुख लेंगे। पार्टी नेतृत्व की नजरों में सबसे ज्यादा अहमियत चूल्हा प्रमुखों और बूथ के कार्यकर्ताओं की होगी। यही ढर्रा बदलने के लिए वे निकले हैं और इस चुनाव में ये हमारा अहम लक्ष्य है।

श्री महतो बुधवार को गोमिया विधानसभा क्षेत्र के पेटरवार में चूल्हा प्रमुखों के सम्मेलन में बोल रहे थे। सम्मेलन में गोमिया विधानसभा क्षेत्र के 341 बूथों के कार्यकर्ता मौजूद थे। आजसू प्रमुख ने कहा कि अब पार्टी में समानता आधारित दायित्व निभाना होगा। एक नेता से ज्यादा गावों में काम करने वाले कार्यकर्ताओं का होगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार चंद्रप्रकाश चौधरी को एक लाख 18 हजार वोट मिले थे। बूथ के कार्यकर्ताओं और चूल्हा प्रमुखों को यह जिम्मेदारी देते हैं कि हर घर और हर परिवार तक मेरा आभार वे पहुंचा दें।

यह भी पढ़ें: जो चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं, अपना आवेदन दें: राकेश

सुदेश महतो ने कहा कि गोमिया की यह लामबंदी एक दिन का परिणाम नहीं है। सब एक नई उम्मीद के साथ मेहनत में जुटे हैं। इस एकजुटता का मकसद यही हो कि घर- घर में पार्टी के विश्वास का झंडा गड़ जाए। आजसू प्रमुख ने कहा कि चूल्हा प्रमुख की जिम्मेदारी 25 चुल्हों के बीच पारिवारिक और राजनीतिक रिश्ता बनाने की है। यह रिश्ता सिर्फ चुनाव तक का नहीं होगा। अगले पांच साल के लिए होगा। कहा कि लंबोदर महतो आपकी अगुवाई कर रहे हैं, उनके हाथों को मजबूत कीजिए वे किसी का भी भरोसा नहीं तोड़ेंगे। ये विश्वास मैं आपको दिलाता हूं। लंबोदर महतो ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष के सोच और विजन को पूरा करना ही उनका राजनीतिक लक्ष्य है। इस बाबत समागम को पार्टी प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत ने भी संबोधित किया।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More