बाबूलाल मरांडी ने कांटाटोली फ्लाईओवर की गुणवत्ता पर उठाये सवाल, बोले- घटिया राइडिंग क्वालिटी बनी जनता की परेशानी का सबब

फ्लाईओवर के उद्घाटन के बाद इस पर गाड़ियां फर्राटे से दौड़ने लगी और लोगों को प्रायः लगने वाले सड़क जाम से मुक्ति मिली. लेकिन, करीब 4 दिन ही हुए हैं कांटाटोली फ्लाईओवर के उद्घाटन हुए और अभी से फ्लाईओवर की सड़क कहीं-कहीं से उखड़ने लगी है

रांची: करीब 8 वर्षों के इंतज़ार के बाद 4 अक्टूबर को लोगों को रांची का पहला फ्लाईओवर मिला. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा कांटाटोली फ्लाईओवर का उद्घाटन किया गया. जिसके बाद इस पर गाड़ियां फर्राटे से दौड़ने लगी और लोगों को प्रायः लगने वाले सड़क जाम से मुक्ति मिली. लेकिन, करीब 4 दिन ही हुए हैं कांटाटोली फ्लाईओवर के उद्घाटन हुए और अभी से फ्लाईओवर की सड़क कहीं-कहीं से उखड़ने लगी है. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांटाटोली फ्लाईओवर के गुणवत्ता पर सवाल खड़ा किये हैं. उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘X’ पर पोस्ट किया है कि कांटाटोली फ्लाईओवर चालू हुए चार दिन नहीं हुए और इसमें भ्रष्टाचार के गड्ढे उभर कर सामने आ गए. 

उन्होंने लिखा है कि फ्लाईओवर की घटिया राइडिंग क्वालिटी भी जनता के लिए परेशानी का सबब बन चुकी है. फ्लाईओवर की जर्जर हालत देख कर ऐसा लगता है, जैसे हेमंत सोरेन ने कांटाटोली फ्लाईओवर का भारी भरकम फंड हड़प कर चुनाव में उपयोग करने के लिए इकट्ठा कर लिया है. हर विकास योजना में कमीशन वसूल कर जनता की जान को जोखिम में डालने की आदत हेमंत सोरेन को भारी पड़ने वाला है. राज्य के मुख्य सचिव संज्ञान लेकर कांटाटोली फ्लाईओवर का निर्माण करने वाली कंपनी, गुणवत्ता जांचने वाले भ्रष्ट इंजीनियर और उद्घाटन करने वाले कमीशनखोर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर कठोर कारवाई करें. 

लेखक के बारे में

By Subodh Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More