नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में कोरोना से निबटने के लिए हो रहा बढिया काम : आरके सिन्हा

पीएम मोदी व बिहार के स्वास्थ्य मंत्री के प्रयासों की तारीफ की
अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ की कार्रवाई की मांग
पटना : पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा ने गुरुवार को प्रेस बयान जारी कर कहा कि मुझे यह जानकर प्रसन्नता हुई है कि बिहार सरकार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे के नेतृत्व में संवेदनशील इलाकों में कोरोना की जांच हेतु डोर टू डोर सर्वेक्षण और जांच का कार्य प्रारंभ करा दिया है. यह कोरोना महामारी से सक्षम रूप से निपटने में निश्चित रूप से मददगार साबित होगा.
उन्होंने कहा कि कोरोना के प्रारंभिक लक्षणों का इलाज तो सामान्य फ्लू की तरह हो सकता है और मरीज ठीक हो सकते हैं. लेकिन, संक्रमण का प्रभाव फेफड़े में पहुँच जाने के बाद मरीज को बचाना मुश्किल होता है. अतः प्रारंभिक लक्षणों की पहचान और उचित चिकित्सा ही इस महामारी से लड़ने का कारगर और सटीक उपाय है.
मोतिहारी और औरंगाबाद में सहायतार्थ गये चिकित्सा कर्मियों के दल पर जो हमले हुए हैं वे निन्दनीय, शर्मनाक और गंभीर चिंता का विषय हैं. पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में और बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे के नेतृत्व में कोरोना महामारी से लड़ाई सार्थक और सक्षम ढंग से लड़ी जा रही है. ऐसा लगता है कि कुछ असमाजिक तत्व जानबूझकर ऐसा षड्यंत्र कर रहे हैं जिससे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सार्थक प्रयासों को बदनाम किया जा सके. उन्होंने मुख्यमंत्री से ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
आरके सिन्हा ने कहा है कि, मैं बिहारवासियों से हाथ जोड़कर प्राथर्ना करता हूँ कि इसे अपना काम समझें. यह आपकी ही जान की सुरक्षा के लिए किया जा रहा है. कोरोना महामारी से निजात पाने में आप प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए बिहार सरकार के साथ पूर्ण सहयोग करें.




