बिहार : महागठबंधन सरकार ने हासिल किया विश्वास मत, नीतीश बोले – सब साथ लड़ेंगे तो 2024 जीतेंगे

पटना : बिहार में महागठबंधन की नयी सरकार ने बुधवार को विधानसभा में विश्वास मत हासिल कर लिया। नीतीश कुमार ने इस दौरान कहा कि हम सब साथ मिल कर लड़ेंगे तो 2024 का चुनाव जीतेंगे। नीतीश का इशारा लोकसभा चुनाव की ओर था। उन्होंने कहा कि देश भर की राजनीतिक पार्टियों से मेरे पास फोन आ रहा है और वे मेरे निर्णय को सही बता रहे हैं। मालूम हो कि इस महीने के पूर्वार्द्ध में नीतीश कुमार ने जदयू-भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में इस्तीफा दे दिया और फिर जदयू-राजद-कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस सरकार में फिर से राजद नेता तेजस्वी यादव उप मुख्यमंत्री बनाए गए हैं।

नीतीश कुमार ने कहा, 2020 में हमने भाजपा से कहा था कि ज्यादा सीट आप जीते हैं तो आपका मुख्यमंत्री बनना चाहिए। लेकिन मुझ पर दवाब दिया गया कि आप ही संभालिए। हमारी पार्टी के लोगों ने तय किया तो हम जहां पहले थे वहां चले गए।


उन्होंने कहा, अब हमारा संकल्प है कि हम मिलकर बिहार का विकास करेंगे। हमें देश भर की पार्टियों के लोगों ने फोन कर कहा कि आपने सही निर्णय लिया है। हमने कहा कि सब मिल कर लड़ेंगे तो 2024 भी जीतेंगे। दिल्ली से कुछ काम नहीं हो रहा सिर्फ प्रचार हो रहा है, लोगों की आय घट रही है।


वहीं, तेजस्वी यादव ने कहा, बीजेपी के साथ रहे तो राजा हरिश्चंद्र बन जाएंगे और हाथ छोड़ देंगे तो भ्रष्टाचारी। मैं विदेश जाता हूं तो मुझ पर लुकआउट नोटिस लगता है, लेकिन मेहुल चोकसी, नीरव मोदी, ललित मोदी और विजय माल्या पर लुकआउट नहीं था। ये हजारों करोड़ लेकर भाग गए।


तेजस्वी यादव ने कहा, भाजपा को 2024 के चुनाव का डर है। हम 40 की 40 सीटें लोकसभा की यहां जीतेंगे। ये डर से सदन में हमारा सामना नहीं कर पा रहे हैं तो अपने तीनों जमाइयों को आगे कर दिया।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More