बिहार के लोग सूखा, बाढ़ से त्रस्त और नीतीश दिल्ली में मस्त : आरसीपी सिंह

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक ओर जहां दिल्ली में भाजपा विरोधी विपक्षी पार्टियों को एक मंच पर लाने की कोशिश में जुटे हैं, वहीं उनके पूर्व सहयोगी और पूर्व केंद्रीय मंत्री आर सी पी सिंह ने मंगलवार को उन पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा बिहार के लोग बाढ़ और सूखा से त्रस्त हैं और नीतीश दिल्ली में मस्त हैं। उन्होंने कहा नीतीश को जनादेश बिहार को विकसित राज्य बनाने के लिए मिला था।

जदयू के पूर्व अध्यक्ष सिंह ने विपक्षी एकता होने पर शंका जाहिर की। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर पटना आए थे, तब उठ-बैठ ही होते रहा।

सिंह ने विपक्षी दलों पर सियासी हमला बोलते हुए कहा कि नीतीश कुमार कहते हैं कि देश में काम नहीं हुआ। आज देश की अर्थव्यवस्था दुनिया में पांचवें स्थान पर आ गई। हमने उस ब्रिटेन को पीछे कर दिया जिसने भारत पर वर्षों राज किया।

जदयू के पूर्व अध्यक्ष सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार को काम में मन नहीं लग रहा है इसलिए वे समय काट रहे हैं। नीतीश के जनता दरबार पर निशाना साधते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि वर्षों से जनता दरबार का बिहार के लोगों को क्या फायदा हुआ, इस पर नीतीश कुमार को श्वेत पत्र जारी करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि लोगों की समस्या उनके गांवों और घरों पर हल होनी चाहिए लेकिन मुख्यमंत्री लोगों को समस्या समाधान के लिए अपने दरबार में बुलाते हैं। उन्होंने नीतीश कुमार से जनता दरबार का खर्च बताने को कहा। उन्होंने कहा कि वाइट पेपर निकाल ले और बताएं कि जब से जनता दरबार लग रहा है तब से आज तक कितना खर्च हुआ है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More