घर- घर में मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव

रांची: राजधानी समेत पूरे झारखंड में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान शहर से लेकर गांव तक कृष्ण जन्म की लीला का मंचन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में डूबे तमाम धर्मावलंबियों के घर- घर में प्रभु श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव मनाया गया। राधा-कृष्ण के मंदिरों में सुबह से लेकर देर शाम तक पूजा- पाठ एवं मांगलिक गतिविधियां चलती रहीं।  दर्शन- पूजन के लिए पूरे दिन भक्तों का तांता लगा रहा।
राधा-कृष्ण के अलौकिक प्रेम के गीतों और भजन संगीत पर गांव-गांव श्रद्धालु थिरकते रहे। आधी रात होते ही घरों से पुत्र के जन्म पर गाए जाने वाले मंगल गीत सोहर की ध्वनि गूंजने लगी। वहीं, जिले के कुछ गांवों में शनिवार को भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व मनाए जाने की तैयारियां जोर-शोर से चलती रहीं। पुलिस लाइन एवं जिले के सभी थानों में झांकी सजाकर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। शहर के मुहल्लों में भगवान को सजाया गया। झांकियों के आस-पास आयोजित भजन संध्या में श्रीकृष्ण भगवान के भक्तिगीतों पर श्रद्धालु श्रोता देर रात तक झूमते और नाचते-गाते रहे। घर-घर में वृंदावन बिहारीलाल की विधि-विधान से पूजा की गई। उधर, बाजार पूरे दिन ग्राहकों के आने से गुलजार दिखा। शापिग मालों एवं रेडीमेड गारमेंट की दुकानों पर जमकर बिक्री हुई। व्रती श्रद्धालुओं के चलते फलों की जमकर बिक्री हुई। सबसे ज्यादा खीरे को लेकर लोग परेशान रहे।
हाथी घोड़ा पालकी……..
मारवाड़ी युवा मंच महिला समर्पण शाखा द्वारा श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। शाखा की सभी ने प्रभु की सजावट की। सभी ने मिलकर कृष्ण लीला की और बाल-गोपाल के भजन गाये गये। श्रीकृष्ण के ऊपर आधारित खेल खेले गये। विभिन्न प्रकार के प्रसार, चाॅकलेट व केक का भोग लगाया गया। भव्य आरती के कार्यक्रम का रंगारंग व भक्तिपूर्ण समापन किया गया। इस कार्यक्रम में अध्यक्ष मीनू अग्रवाल, सचिव मनीषा पोद्दार, संयोजिका नीलम मोदी, रश्मि मालपानी एवं अमृता साबू सहित सुमिता लाठ, विनीता बिहानी, अन्नु पोद्दार व मंजू अग्रवाल सहित सभी सदस्यगण मौजूद थे।
मनोरमा देवी पब्लिक स्कूल में मना जन्मोत्सव
झारखंड के रामगढ़ जिले अंतर्गत पतरातू प्रखंड के कोतो बस्ती स्थित मनोरमा देवी पब्लिक स्कूल में शनिवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव भव्यता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ यहां के ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा ने किया। यहाँ के नर्सरी एवं केजी के नन्हे-मुन्हे बच्चे राधा-कृष्ण के वेश थे।बच्चों ने उत्साह से पूरे कार्यक्रम को सफल बनाया। कृष्ण सुदामा के चरित्र को बच्चों ने नृत्य नाटिका के माध्यम से जीवंत कर दिया। मटकी फोड़ कार्यक्रम उत्साहवर्धन वाला था, वहीं गरबा डांस पर विद्यालय की छात्राओं ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, एनटीपीसी के एजीएम (सेफ्टी) अनिल सिंह के अतिरिक्त बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। प्राचार्य ने इस बाबत अहम भूमिका अदा की। विद्यालय के संरक्षक संस्थापक राम भवन शर्मा के अतिरिक्त निदेशक अनिल कुमार शर्मा, सिम्मी शर्मा, कमल किशोर राम, राखी सिंह, रिंकी व कुमारी पुष्पा ने भी अपनी ओर से पूरा सहयोग किया। ।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More