ट्रिपल तलाक कानून मुस्लिम महिला विरोधी: एदार-ए-शरिया

रांची: एदार-ए-शरिया झारखंड के उलामा-ए-केराम की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश कार्यालय इस्लामी मरकज हिंदपीढ़ी में नाजिमे आला मौलाना कुतुबुद्दीन रिजवी की अध्यक्षता में हुई। इसमें ट्रिपल तलाक विधेयक पारित किये जाने पर किये गये मंथन के बाद सर्वसम्मति से कहा गया कि केंद्र सरकार द्वारा लाया गया ट्रिपल तलाक कानून मुस्लिम महिला विरोधी है।
इनका मानना है कि इस कानून से उन मुस्लिम महिला की मानसिक, आर्थिक एवं शारीरिक परेशानी बढ़ेगी, जो ट्रिपल तलाक से पीड़ित होंगी। चूंकि, कानून के अनुसार जब एक पति अपनी पत्नी को तीन तलाक देगा, तो वह तलाक मान्य नहीं होगा व तलाक देने के बावजूद पीड़ित महिला तलाक देनेवाले पति की पत्नी रहेगी। ऐसे में उस मुस्लिम महिला के पति को क्रिमिनल एक्ट के तहत तीन वर्षों की सजा हो जाएगी। सरकार कहती है, कि इस दौरान पत्नी एवं बच्चों का खर्चा पति देगा। सवाल यह है कि जब पति जेल में बंद कर दिया जाएगा, तो वह खर्च कैसे दे पायेगा ? बैंक से पैसे निकालने या अपनी संपत्ति बेचने का समय भी नहीं दिया गया है तो अचानक पत्नी अपना एवं अपने बच्चों की देखरेख, स्कूल, खान- पान, दवा इलाज इतनी सारी जिम्मेदारियों से वह मुस्लिम महिला मानसिक, शारीरिक एवं आर्थिक रूप से टूट जाएगी। सरकार का कहना है कि उसका पति जब जेल से तीन वर्षों बाद बाहर आयेगा, तो पत्नी को उसी तरह उसी के साथ रहना पड़ेगा। एदारा ने कहा कि इस जटिल प्रकरण से मुस्लिम महिला का जीवन नरक बन जायेगा एवं उसके लिए जिंदगी जीना दुभर हो जाएगी।
ऊलामा-ए-केराम ने कहा कि शरीयत के अनुसार एक साथ तीन तलाक देने से तीन तलाक माना जायेगा एवं तलाक देनेवाला पति गुनाहगार होगा। उस पर दैन मोहर एवं ईददत खर्च वाजिब है, पत्नी का सारा सामान भी देना होगा। ऊलामा ने कहा कि उसे तीन नहीं पांच वर्षों की सजा सुनायी जानी चाहिए, लेकिन सरकार तलाक को तलाक मान कर पत्नी को आजाद करने का कानून लाए। बैठक में इस विधेयक का कड़ा विरोध किया गया। बैठक में एदारा शरिया झारखंड के नाजिमे आला मौलाना कुतुबुद्दीन रिजवी, मौलाना जासीमुददीन खां, कारी ऐयूब रिजवी, मुफ्ती अब्दुल मालिक मिस्बाही, मौलाना डॉ. ताजउद्दीन रिजवी, मौलाना नेजामुउद्दीन मिस्बाही, मौलाना मुफ्ती फैजूल्लाह मिस्बाही, मौलाना मुजीबउर रहमान, अधिवक्ता इरशाद खान, अधिवक्ता इम्तियाज अली, प्रो. अब्दुल क्यूम अंसारी, मौलाना मुफ्ती अब्दुल कुद्दूस मिस्बाही, मौलाना अशरफउल्ला फैजी, एसएम मोइन, मौलाना रेयाजूद्दीन, मौलाना अब्बास, मौलाना आफताब जिया, मौलाना शाहिद रजा, मौलाना गुलाम हैदर, हाफिज जावेद, मौलाना मंजूर हसन बरकाती, मौलाना वारिस जमाल, मौलाना नसीम अख्तर ताज, मौलाना शमशाद मिस्बाही, मौलाना नेजाम मिस्बाही आदि शामिल थे।

[URIS id=9499]

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More