आखिर क्यों नही रुकता आचार संहिता उल्लंघन !

चंदन चौधरी
रांची: क्या आप जानते हैं कि आचार संहिता क्या होती है ? चुनाव आचार संहिता क्यों लागू होती है ? आचार संहिता कब से कब तक लगी रहेगी ? हम आपको इन सभी सवालों के जवाब बता रहे हैं। देश में स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग कुछ नियम बनाता है, इसे ही आचार संहिता कहते हैं। लोकसभा-विधानसभा चुनाव के दौरान उन नियमों का पालन करना सरकार, नेता और राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी होती है, लेकिन लाख सख्ती के बावजूद इसके उल्लंघन के मामले आते ही रहते हैं। चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी होने के बाद से ही झारखंड में भी आदर्श आचार संहिता लागू है। चुनाव आयोग राजनीतिक दलों पर इस बाबत पूरी तरह से पैनी निगाहे गड़ाये हुये हैं।
निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार अब तक 7.20 करोड रूपए मूल्य की सामग्रियां जब्त की जा चुकी हैं। इसमें 2 करोड़ 60 लाख 59 हजार रूपए नकद शामिल है। जिन्हें पुलिस व आयकर विभाग ने जब्त किए हैं। इसके अलावा इन सामग्रियों में अवैध शराब, जावा-महुआ, गांजा समेत अन्य नशीले पदार्थ शामिल हैं। निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार 10 मार्च से अब तक 1 लाख 98 हजार 907 लीटर अवैध शराब, 9866 किलोग्राम जावा महुआ, 100 किलोग्राम महुआ गुड़ और 25 किलोग्राम अन्य सामग्री जब्त की जा चुकी है। इसमें उड़नदस्ता व पुलिस टीम ने मिलकर 22,690 लीटर एवं उत्पाद तथा मद्य-निषेध विभाग ने 1,76,217 लीटर शराब जब्त किया है। इसकी कीमत लगभग 1 करोड़ 45 लाख 96 हजार रुपए आंकी गई है। वहीं 2 करोड़ 11 लाख 12 हजार रुपए के ड्रग्स भी जब्त किए गए है। ये दर्शाता है कि चुनावों के समय किस प्रकार से नशीले पदार्थों से लोगों को खरीदने का प्रयास किया जाता है। शराब, गांजा, महुआ आदि से चुनाव को प्रभावित किया जाता है। लगातार चुनाव आयोग की निगरानी के बावजूद भी इतनी बड़ी तादाद में नशीले पदार्थ का पकड़ा जाना चुनाव आयोग के लिए भी गंभीर विषय है।
आचार संहिता उल्लंघन के मामले में कानूनी कार्रवाई की बात की जाए, तो राज्यभर में अबतक कुल 58 एफआईआर दर्ज हो चुके है। इसमें हजारीबाग जिले में 9, चतरा में 3, सरायकेला-खरसांवा में 2, रांची में 6, देवघर में 3, पलामू में 3, गढ़वा में 6, पाकुड़ में 1, पूर्वी सिंहभूम में 3 , बोकारो में 9, गोड्डा में 3 और गुमला में 1, गिरिडीह में 7, दुमका में 1 और जामताड़ा में 1 प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
वहीं आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़ी 554 शिकायतें सी-विजिल एप के माध्यम से दर्ज कराई गई हैं। इनमें राजधानी रांची से सबसे ज्यादा 101 शिकायतें सी-विजिल पर दर्ज कराई वहीं बोकारो से 13, चतरा से 5, देवघर से 20, धनबाद से 61, दुमका से 15, पूर्वी सिंहभूम से 41, गढ़वा से 13, गिरिडीह से 43, गोड्डा से 16, गुमला से 10, हजारीबाग से 33, जामताड़ा से 42, खूंटी से 10, कोडरमा से 20, लातेहार से 10, लोहरदगा से 5, पाकुड़ से 30 , पलामू से 29, रामगढ़ से 4 , साहेबगंज से 7, सरायकेला खरसावां से 9, सिमडेगा से 10 और पश्चिमी सिंहभूम से 7 शिकायतें सी-विजिल पर दर्ज कराई गई।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More