सड़क, रेल, जल व वायु मार्ग विस्तार हेतु सरकार कृतसंकल्पित: सीपी सिंह

अगस्त मेें शुरू हो सकती है साहेबगंज जलमार्ग विकास परियोजना
रांची: राज्य में परिवहन सेवाओं को सुगम व बेहतर बनाने के लिए सड़क, रेल, जल और वायु मार्ग के विस्तार और विकास हेतु सरकार कृतसंकल्पित है। साहेबगंज जिले में राष्ट्रीय जलमार्ग-1 के तहत गंगा नदी पर निर्माणाधीन जलमार्ग विकास परियोजना का उद्घाटन अगस्त में किये जाने की संभावना है। उक्त बातें बुधवार को प्रदेश के परिवहन मंत्री सीपी सिंह ने मीडिया से बात करते हुये कही। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का निर्माण विश्व बैंक के सहयोग से अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण द्वारा निर्माण किया जा रहा है।
श्री सिंह ने कहा कि यह राष्ट्रीय महत्व की एक महत्वाकांक्षी परियोजना है। इसके तहत साहेबगंज में मल्टी मॉडल टर्मिनल का निर्माण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सुगम एवं लाभकारी परिवहन और मालवाहक व्यवस्था प्रदान करना है। इससे गंगा नदी के किनारे अवस्थित स्थलों की सामाजिक, आर्थिक व्यवस्था में सुधार, रोजगारों का सृजन तथा व्यापार में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के मुख्य दो चरण हैं। पहले चरण में हल्दिया से वाराणसी और दूसरे चरण में वाराणसी से इलाहाबाद। कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में प्रत्येक वर्ष डेढ़ लाख लोगों की मौत होती है। हालांकि झारखंड में दुर्घटनाओं में कमी आयी है, लेकिन हम इससे संतुष्ट नहीं है। विभाग के संयुक्त सचिव सुरक्षा को अलग से यह जिम्मेवारी दी गयी है कि पुलिस के साथ मिलकर वह ब्लैक स्पॉट को चिह्नित करें। अभी तक राज्य में 137 ब्लैक स्पॉट चिह्नित किये गये हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट जरूर लगायें। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे 18 वर्ष के कम उम्र के बच्चों को बाइक और कार चलाने के लिए नहीं दें। उन्होंने कहा कि पीरपैंती- जसीडीह नयी रेलवे लाइन (97.17 किमी) (गोड्डा- हंसडीहा को छोड़कर) के निर्माण के लिए रेलवे बोर्ड, रेल मंत्रालय और झारखंड सरकार ने एमओयू पर हस्ताक्षर किया है। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2018-19 में परिवहन विभाग के 1100 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 831 करोड़ का राजस्व संग्रहण किया गया है।
परिवहन मंत्री ने बताया कि राज्य में हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विकास हो रहा है। रांची स्थित बिरसा मुंडा हवाई अड्डे के विस्तारीकरण हेतु भूमि अधिग्रहण का कार्य अंतिम चरण में है। देवघर को राष्ट्रीय- अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर वायु मार्ग से जोड़ने के लिए हवाई अड्डा का निर्माण हो रहा है। भारत सरकार की रिजनल कनेक्टिविटी स्कीम के अंतर्गत दुमका, बोकारो और जमशेदपुर से उड़ान सेवा प्रारंभ करने के प्रयास किए जा रहें हैं। राज्य के सात पर्यटक स्थलों पर हेलीपैड बनाया जा रहा है। परिवहन मंत्री ने बताया कि गिरिडीह, धनबाद तथा बोकारो में ग्लाइडिंग प्रशिक्षण केंद्र की शाखा खोली जाएगी। रांची में एरोमॉडलिंग प्रशिक्षण का कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।
एक रुपये में बस परिमिट
सीपी सिंह ने कहा कि राज्य में एसी डीलक्स बस सेवा को परमिट दिया गया है। ग्रामीण बस सेवा में नया नियम बना है। इसके तहत कोई ग्रामीण क्षेत्र में बस चलायेगा तो उसे एक रुपये परमिट शुल्क देना होगा। साथ ही उन्हें एनएच पर आठ किलोमीटर तक ही जाने की अनुमति होगी। इसके लिए 646 मार्ग चिह्नित किये गये हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे परियोजना के अंतर्गत देवघर- दुमका (60 किमी) रेलखंड पर रेल परिचालन प्रारंभ है। दुमका-रामपुरहाट (64 किमी) पर भी रेल परिचालन शुरू है। प्रेसवार्ता में परिवहन विभाग के सचिव प्रवीण टोप्पो, परिवहन आयुक्त फैज अक अहमद मुमताज, नागर विमानन विभाग के निदेशक कैप्टन एसपी सिन्हा और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक रामलखन प्रसाद गुप्ता सहित अन्य मौजूद थे।
[URIS id=9499]

