रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डाॅ. रामेश्वर उरांव ने शनिवार को रांची के कांग्रेस भवन में मीडिया एंड कम्यूनिकेशन विभाग के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। उन्होंने कहा कि हमें सशक्त और धारदार तरीके से अपनी बातों को (प्रिंट एवं इलेक्ट्राॅनिक) मीडिया में रखने की आवश्यकता है। कहा कि आम लोगों की आवाज बनना ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
डाॅ उंराव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की नाकामियों को ज्यादा से ज्यादा उजागर करना हमारा लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि राज्य सरकार का कोई भी जनविरोधी मुद्दा दबना नहीं चाहिए। प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं मीडिया एंड कम्यूनिकेशन विभाग के चेयरमैन राजेश ठाकुर ने कहा कि बहुत जल्द प्रदेश प्रवक्ताओं के साथ जोनल एवं जिला प्रवक्ता की एकदिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और एआईसीसी के मीडिया विभाग के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। बैठक में मुख्य रूप से राजीव रंजन प्रसाद, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डाॅ. राजेश गुप्ता, डाॅ. एम तौसीफ, कुमार राजा, आभा सिन्हा और ईश्वर आनंद उपस्थित थे।