ज्योति चौहान
झारखंड में विधानसभा के चुनाव की तैयारी शुरु हो चुकी है। इसलिए तो आज 12 सितंबर को एक बार फिर बहाने से ही सही., लेकिन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदर दास मोदी ने झारखंड की धरती से एक बार फिर हुंकार भरा। प्रधानमंत्री ने झारखंड की क्षेत्रीय भाषा में लोगों को संबोधित कर, लोगों का मन मोह लिया। पीएम ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि नई सरकार बनने के बाद कुछ राज्यों में उन्हें सबसे पहले जाने का अवसर मिला, उनमें से झारखंड भी है।
योग दिवस की यादों को ताजा करते हुए कहा ये वही प्रभात तारा मैदान है, जहां सुबह के समय हम सभी योग कर रहे थे और बारिश भी हमें आशीर्वाद दे रही थी। प्रधानमंत्री के आने से पहले राज्य के होनहार विधायकगण मीठी सी नींद की झपकियां लेते कैमरे में कैद हो गए। नींद तो आनी ही थी, योजनाओं की झड़ी जो लगने वाली थी। फिर कैसी चिंता ? मोदीजी तो आ गए, अब चुनाव जीत ही जाएंगे। बगोदर विधानसभा से भाजपा के लिए पहली बार चुनाव लड़े और जीतकर विधानसभा की शोभा बढ़ाने वाले माननीय विधायक नागेंद्र महतो, कपिल शर्मा शो में जाने वाले बोकारो विधानसभा विधायक विरंची नारायण, झामुमो के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले मांडू के विधायक जयप्रकाश पटेल, हजारीबाग के विधायक मनीष जायसवाल और अपने आपको मीडिया में हमेशा जिंदा रखने वाले बाघमारा के ढुल्लू महतो को प्रभात तारा मैदान में झपकी लेते देखा गया।
जब देश में तरक्की की गिनती झारखंड की उपलब्धि से शुरु हो रही है तो फिर किस बातों का डर ? कौन सी चिंता ? आज प्रधानमंत्री ने नवनिर्मित झारखण्ड विधानसभा भवन, सचिवालय भवन, साहिबगंज में निर्मित बंदरगाह का ऑन लाइन उद्घाटन, खुदरा व्यापारी, दुकानदार व स्वरोजगारधारी पेंशन योजना, प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना, वनधन योजना, देश के जनजातीय बहुल इलाकों में 462 एकलव्य आदर्श विद्यालयों का शिलान्यास किया। आगे भी बता दें कि इस भव्य आयोजन में राज्यभर के 1 लाख किसान आमंत्रित थे। सोचिए जिस राज्य में प्रधानमंत्री सीधे किसानों को संबोधित करें, उस राज्य के विधायकगण को कैसी चिंता ?