मोदी- शाह की रणनीति से 370 धराशायी
स्टेट ब्यूरो: चाईबासा के फुटबॉल मैदान में आहूत शक्ति केंद्र व बूथ सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शुक्रवार को भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा आज हमारा सौभाग्य है, कि वैसे दल में काम कर रहे हैं, जहां वाॅल राइटिंग करनेवाला कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष बन जाता है। नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मौजूदा परिवेश में राजनीति की संस्कृति को ही बदल दिया है।
कांग्रेस पर निशाना
नड्डा ने कहा कि आज से पहले राजनीति को महज मेवा खाने का पर्याय माना जाता था, परिवारों में सत्ता के बंदरबांट होते थे और परिवार को आगे बढ़ाने के अलावे भ्रष्टाचार का सर्वोच्च स्थान था। कांग्रेस पर कटाक्ष कर उन्होंने कहा कि कांग्रेस महज वंशवाद की राजनीति करती आयी है। मां-बेटे की सरकार ने पूरे देश में लूट-खसोट मचा रखी थी। कहा कि झारखंड को भी कांग्रेस ने ही सर्वाधिक लूटने का काम किया, क्यों कि विकास इनके एजेंडे में है ही नहीं। ऐसे में हमें झारखंड विधानसभा की 65 से अधिक सीटें जीतनी है।
भाजपा के सदस्य 18 करोड़
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि लगातार हमारे सदस्यों की संख्या बढ़ती जा रही है। हमारे सदस्यों की संख्या 11 करोड़ थी। केवल 54 दिनों में हमने 7 करोड़ नये सदस्य जोड़े। अब सदस्यों की संख्या बढ़कर 18 करोड़ हो गई। नड्डा ने कहा कि हमारे यहां नेता वंशवाद नहीं बल्कि कर्म के आधार पर प्रगति करता है।
मोदी व शाह ने 370 धराशायी किया
जेपी नड्डा ने कहा कि अनुच्छेद 370 को हटाये जाने से भारत की जनता खुश है। कश्मीर व लद्दाख के लोग भी प्रसन्न हैं। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति के कारण विपक्ष धराशायी हो गया। अब हमारा प्रयास होगा कि वहां के आदिवासियों को भी सरकारी योजनाओं का लाभ मिले। यह ताकत आपके वोट के माध्यम से आयी है। कहा कि पश्चिमी पाकिस्तान से जम्मू-कश्मीर में आकर बसे शरणार्थी लोकसभा में वोट नहीं दे सकते थे और वहां काउंसलर तक का चुनाव नहीं लड़ सकते थे। अनुच्छेद 370 हटने के बाद वहां का हर निवासी वहां वोट भी दे सकेगा व चुनाव भी लड़ सकेगा। नड्डा ने कहा कि 370 अलगाववाद पनपने का माध्यम था, जो आज समाप्ति के कगार पर है। पीएम ने गुरुवार को कहा है कि अब कश्मीर को बना व संवार कर स्वर्ग बनाना है।
उड़ान भरने से पूर्व नड्डा के हेलीकॉप्टर के दोनों इंजन फेल
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा के हेलीकॉप्टर के दोनों इंजन शुक्रवार को फेल हो गए। वे सरायकेला से जमशेदपुर जाने हेतु काशी साहू कॉलेज में हेलीकॉप्टर में बैठे थे। इनके साथ केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा व बिहार के मंत्री सह चुनाव सह प्रभारी नंद किशोर यादव भी थे। उड़ान भरने के लिए हेलीकॉप्टर का इंजन ही स्टार्ट नहीं हो पाया, जबकि पायलट ने इस बाबत काफी मशक्कत की। इसके बाद नड्डा ने जमशेदपुर कार्यक्रम रद्द करते हुए सड़क मार्ग से रांची आ गए।
कार्यक्रम में थे मौजूद: झारखंड विधानसभा चुनाव के सह प्रभारी नंद किशोर यादव, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, झारखंड के खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय, मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, विधायक साधु चरण महतो, विधायक लक्ष्मण टुडू, पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी, सांसद विद्युत वरण महतो, आदित्यपुर नगर निगम के मेयर विनोद श्रीवास्तव, भाजपा नेता मनोज सिंह, रामबाबू तिवारी, मंगल सोय सहित कई नेता मौजूद थे।