रांची: लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार पिता से मिलने पहुंचे तेजस्वी

शिवानंद तिवारी व रघुवंश प्रसाद भी थे साथ
रांची: शनिवार को लालू से मुलाकात का दिन होता है। इस बाबत बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने पिता से मुलाकात की। इस मौके पर उनके साथ शिवानंद तिवारी, भोला यादव और रघुवंश प्रसाद सरीखे आरजेडी के बड़े नेताओं ने भी रिम्स में लालू से मुलाकात की है। लोक सभा चुनाव से पहले तेजस्वी अक्सर पिता से गुरुमंत्र लेने यहां आते थे, लेकिन हार के बाद से रांची नहीं आ रहे थे। गौरतलब है कि झारखंड हाई कोर्ट से देवघर कोषागार मामले में जमानत मिलने के बाद लालू अब पुराने रंग में नजर आ रहे हैं। तेजस्वी ने कहा कि वे बीमार पिता का हाल जानने आये हैं।
राजद महागठबंधन में रहकर चुनाव लड़ेगा: रघुवंश
लालू से मुलाकात के बाद राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि झारखंड में नवंबर- दिसंबर में आहूत विधानसभा चुनाव में राजद महागठबंधन के साथ चुनाव लड़ेगा। भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों को एकजुट कर प्रयास होगा कि किसी भी हालत में वोटों का बंटवारा ना हो। लालू से मुलाकात को लेकर तीन लोगों की बंदिश पर भोला यादव के बिरसा मुंडा जेल प्रशासन द्वारा जेल मैनुअल का उल्‍लंघन करने के आरोपों पर कहा कि जेल प्रशासन व सरकार जबर्दस्‍ती कर रही है।

[URIS id=9499]

 

आरएसएस की जांच नीतीश का दिखावा: बिहार में किसी भी प्रकार के नए समीकरण को रघुवंश सिंह ने खारिज करते हुए कहा कि नीतीश कुमार आरएसएस की जांच करवाने के नाम पर महज दिखावा करने का काम कर रहे हैं। कहा कि बिहार में मॉब लिंचिंग, बाढ़ की विभिषिका से लोग त्रस्त हैं। इसके लिए सीधेतौर पर सीएम नीतीश कुमार दोषी हैं। रघुवंश सिंह ने कहा कि लालू ने बिहार की जनता की समस्‍या, चरमरा रही विधि व्‍यवस्‍था पर लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाने की नसीहत दी व बिहार में संगठन को दुरुस्‍त कर भावी विधानसभा चुनाव में नीतीश सरकार को धूल चटया जाएगा। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि लालू जी की तबीयत में पहले से सुधार है। शूगर व बीपी नॉर्मल है। चारा घोटाले के देवघर मामले में बेल मिलने पर श्री सिंह ने प्रसन्नता जाहिर की। कहा कि हम कानूनी लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेंगे। उन्होंने उम्मीद जतायी, कि लालू जल्द ही जेल से बाहर निकलेंगे। राजनीतिक बातों का जिक्र करते हुए कहा कि लालू ने हिदायत दी है कि पार्टी को एकजुट रखकर भाजपा के खिलाफ देशभर में मजबूती के साथ लड़ाई लड़ना है।
धारा 370 व राम मंदिर मामले में हम नीतीश के साथ: शिवानंद
लालू से मुलाकात के बाद राजद के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने कहा कि धारा 370 सहित राम मंदिर के मसले पर नीतीश का स्टैंड राजद वाला ही है, लिहाजा इस बाबत पार्टी नीतीश के साथ रहेगी। श्री तिवारी ने कहा कि गिरिराज सिंह का बयान आया है कि आरएसएस व संघ के मामले में हम कोई समझौता नहीं करेंगे, जिससे बिहार एनडीए गठबंधन में तनातनी की स्थिति पैदा हो गई है। आगामी विधानसभा चुनावों पर कहा कि बिहार व झारखंड में पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेंगे। झारखंड में आरजेडी के बंटवारे पर उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के हाथ में लालटेन होगा वही असली आरजेडी है। बिहार के ताजा राजनीतिक हालातों पर कहा कि राजद वेट एंड वॉच कर रहा है। भाजपा- जदयू गठबंधन में आई खटास को लेकर कहा कि परिस्थिति को देखकर कोई फैसला होगा।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More