कोडरमा: शौचालय निर्माण में करोड़ों का घोटाला: महादेव राम

भाकपा ने दिया धरना
जयनगर(कोडरमा): भाकपा अंचल कमिटी जयनगर के बैनर तले शुक्रवार को प्रखंड मुख्यालय के समक्ष धरना- प्रदर्शन किया गया। इससे पूर्व पेठियाबागी चौक से जुलूस भी निकाला गया, जिसका नेतृत्व अंचल मंत्री अर्जुन यादव, महिला नेत्री सोनिया देवी ने किया। इस बाबत भाकपा राज्य कार्यकारिणी सदस्य सह जिप सदस्य महादेव राम ने कहा की कोडरमा जिले में हुए शौचालय निर्माण की पूरी जांच हो तो करोड़ों के घोटाले का पर्दाफाश होगा।
उन्होंने कहा कि जिले में 30 प्रतिशत शौचालय ध्वस्त हो चुका है। सैकड़ों ऐसे परिवार हैं, जिन्होंने शौचालय का निर्माण तो किया, लेकिन उनका भुगतान नहीं हुआ। कहा कि प्रधानमंत्री आवास में संपन्न लोगों को आवास मिल रहा है जरूरतमंद लोगों को आवास नहीं दिया जा रहा है। जयनगर प्रखंड में हो रहे अंधेर गर्दी पर रोक नहीं लगा तो आंदोलन तेज किया जाएगा। धरना को संबोधित करते हुए जिला मंत्री प्रकाश रजक ने कहा कि हजारों जमीन ऑनलाइन का आवेदन अंचल में पड़ा हुआ है जिसे देखने वाला कोई नहीं है। किसान ऑफिस का चक्कर लगाता है, जीएम लैंड की राशि निर्गत नहीं हो रही है, जिससे किसान परेशान हैं।
अंचल मंत्री अर्जुन यादव ने कहा कि मनरेगा में मजदूरों का भुगतान नहीं हो रहा है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनरेगा को कमजोर कर दिया है, जबकि मनरेगा दुनिया का सबसे श्रेष्ठ रोजगार मुखी योजना है। उप प्रमुख वीरेंद्र यादव ने कहा कि दो माह से पूर्व प्रखंड मुख्यालय जयनगर का नवनिर्मित भवन हस्तांतरण हुआ है। जिसमें निर्माण में भारी गड़बड़ी हुई है। महिला नेत्री सोनिया देवी ने कहा कि जयनगर प्रखंड के अंतर्गत हजारों विधवा महिला राशन कार्ड से वंचित है जिन्हें राशन कार्ड देने की आवश्यकता है।
धरना स्थल पर प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचलाधिकारी ने प्रदर्शनकारियों से 12 सूत्री स्मार पत्र लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महेश प्रसाद सिंह ने की। धरने को काली सिंह, योगेश प्रसाद यादव, किशोर कुमार चौधरी, ब्रह्मदेव राणा, रामेश्वर चौधरी ने संबोधित किया। मौके पर विनोद यादव, बालकिशुन ठाकुर, वीरेंद्र सिंह, सिकंदर कुमार, रामकुमार यादव, महेंद्र रजक, मंगल साहू, मुकेश सिंह, उमा देवी, दुलारी देवी, विमला देवी, सुमित्रा देवी, जितनी देवी, सरस्वती देवी, शारदा देवी सहित कई लोग मौजूद थे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More