खूंटी: खूंटी लोकसभा चुनाव से बीजेपी प्रत्याशी व पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा कांग्रेस प्रत्याशी कालीचरण मुंडा की मां से आशीर्वाद लेने उनके घर माहिल पहुँचे। गौरतलब हो कि कालीचरण प्रदेश के मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा के भाई हैं। इस बाबत उन्होंने उनकी तबीयत पूछकर विभिन्न गांवों में जनसंपर्क किया। मुंडा ने खूंटी के कुंजला, गिलुआ, महिला, गानालोया, कोडाकेल, गोवा, सालेहातु, तैमरा, खूंटी आदि जगहों पर लोगों से सीधा संवाद किया।
पूर्व सीएम ने कहा कि जैसे स्नेह व आशीर्वाद मिल रहा है, उसका मैं कर्ज नहीं चुका पाऊंगा। उन्होंने लोगो से आह्वान किया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में फिर एक बार केंद्र में सरकार बनाना है। इसमें खूंटी की जनता भी अपनी हिस्सेदारी निभायेगी। सांसद बनने पर खूंटी के सभी छह विस क्षेत्र में एक-एक सांसद कार्यालय खोलकर इन कार्यालयों में वे नियमित रूप से बैठेंगे, ताकि जनता सीधे उनसे मिल सके। कांग्रेस प्रत्याशी द्वारा किये जा रहे दुष्प्रचार का जवाब जनता देगी। इस दौरान मुख्य रूप से पूर्व सांसद सह पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यदुनाथ पांडेय सहित भाजपाई मौजूद थे।