झारखंड को झामुमो- कांग्रेस मुक्‍त बनाना मेरा लक्ष्य: रघुवर

जमशेदपुर/रांची: आगामी विधानसभा चुनाव 2019 में झारखंड से झामुमो व कांग्रेस को जड़ से समाप्त करना मेरा लक्ष्य है। परिवारवाद व वंशवाद की राजनीति करते हुए इन्होंने सदैव झारखंड का दोहन करने का काम किया है। उक्त बातें मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शुक्रवार को लौहनगरी अंतर्गत गोलमुरी में आहूत भाजपा मंडल की बैठक में कही। सीएम ने कहा कि इन दोनों पार्टियों ने राज्य गठन के बाद से लेकर आज तक प्रदेश के सवाल तीन करोड़ लोगों को ठगने का काम किया है। हमें जनता के साथ छल- कपट करनेवाली पार्टियों के बारे में मिलकर पूरे प्रदेश को जागरुक करना है।
उन्होंने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो देश व प्रदेश में विकास के दृष्टिकोण से अपनी जवाबदेही पूरी ईमानदारी से निभा रही है। कहा कि सालों से 370 जम्मू कश्मीर के विकास को अवरुद्ध किये हुए था। इसे हटाकर वहां की जनता हेतु विकास का द्वार खोल दिया गया है। ऐसा करना कांग्रेस व जेएमएम के गले से नहीं उतर रहा। इन पार्टियों ने सालों तक जम्मू- कश्मीर को अपने फायदे के लिए इस्तेमाल किया, लेकिन अब केंद्र सरकार ने जम्मू कश्मीर को एक विकसित राज्य की श्रेणी में खड़ा करने के लिए धारा 370 जैसे अभिशाप से मुक्त कर एक देश एक विधान को लागू किया। कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव में 65 प्लस सीट पर जीत हासिल करने का लक्ष्य रखा है। कार्यकर्ताओं के समर्पित भावना की बदौलत इसे हासिल कर लिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी तन्मयता के साथ चुनावी तैयारी में जुटने का आहवान किया। उन्होंने मंडल के सभी बूथ संयोजकों कोे 10 सितंबर तक कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रणनीति बनाने की बात कही।
रघुवर दास ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्र के लिए राजनीति करती है। 1951 में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने इस पार्टी की नींव रखी थी। कार्यकर्ताओं की समर्पित भावना के कारण ये आज विश्व की सर्वाधिक बड़ी पार्टी बन चुकी है। देश के 17 राज्यों में भाजपा की सरकार है। मंडल कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि 9 सितंबर से घर-घर रघुवर और 13 सितंबर से जन आशीर्वाद यात्रा का आगाज होगा। कहा कि 12 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर झारखंड की धरती से कई योजनाओं की सौगात देंगे। कहा कि पीएम रांची से ही साहेबगंज में नवनिर्मित बंदरगाह का भी उद्घाटन करेंगे, जिसके बाद संथाल से विकास का नया दरवाजा खुल जाएगा। यह व्यापार हब बनेगा। पानी जहान के माध्यम से झारखंड से भी व्यापारिक गतिविधियों में बढ़ोत्तरी होगी। इतना ही नहीं, इससे सैकड़ों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर रोजगार भी मिलेगा। इससे झारखंड को विकसित राज्य बनाने के लिए चल रहे मुहिम को मुकाम मिलेगा।
सीएम ने कहा कि सरकार गरीबों की खुशहाली के लिहाज से हर बेहतर काम को कर रही है। सीएम ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आजादी के बाद 70 सालों में कई सरकारें बनीं पर किसी ने गरीबों की चिंता नहीं की। गरीबों-दलितों-आदिवासियों के नाम पर वोट बैंक की राजनीति करते रहे।लेकिन, 2014 में केंद्र में पीएम मोदी की सरकार व राज्य में हमारी सरकार बनने के बाद गरीबों के कल्याण के लिए कई योजनाओं को शुरु किया गया। गरीबों को उनका हक और अधिकार देने का काम डबल इंजन की सरकार कर रही है। 2022 तक सभी बेघरों को आवास उपलब्ध कराने पर सरकार काम कर रही है। आप जनता के बीच उनके घर-घर जाकर डबल इंजन की सरकार की नीतियों व योजनाओं की जानकारी देंगे, ताकि वे उसका फायदा ले सकें। कहा कि सरकार का सबसे ज्यादा जोर महिला सशक्तिकरण पर है। अगर महिलाएं शासन में भागीदार बनेंगी तो विकास की गति में और रफ्तार आएगी। सरकार इस दिशा में कई क्रांतिकारी कदम उठा चुकी है।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More