रांची: प्रेस क्लब में बुधवार को प्रदेश युवा कांग्रेस की समीक्षा बैठक करते हुए विधानसभा चुनाव का मंथन किया गया। इस बाबत युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अल्लावरु ने जिलाध्यक्षों व विधानसभा प्रभारियों से चुनाव को लेकर जानकारी हासिल की। राष्ट्रीय प्रभारी ने मीडिया से बातें करते हुए कहा कि देश भयंकर मंदी के दौर में है और हर सेक्टर में मंदी का असर दिख रहा है।
उन्होंने झारखंड के लोगों से अपील की, कि आने वाले चुनाव में जरूरी मुद्दों पर वोट करें। आज जीडीपी ग्रोथ रेट 6 साल के सबसे निचले स्तर पर है। झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष कुमार गौरव ने कहा कि युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही है। कंपनियां अपने कर्मचारियों की छंटनी कर रही हैं, क्योंकि उनके पास उन्हें देने के लिए पैसे नहीं है। लेकिन बीजेपी इन मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए चुनाव में फालतू के मुद्दे उछालेगी।
बैठक में झारखंड युवा कांग्रेस के प्रभारी दीपक मिश्रा व इमरान अली, ज्ञानेंद्र पांडे, अभय तिवारी, प्रदेश युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष कुमार राजा, अभिजीत राज, महासचिव आलोक तिवारी, देव शर्मा, अमर यादव, उज्जवल तिवारी, प्रदेश सचिव कुमार गौरव सोनू, कुलदीप कुमार रवि, जिला अध्यक्ष राजेश चौरसिया, राजीव नारायण प्रसाद, लाल मोहित नाथ शाहदेव, संभव कुमार, विशाल तिर्की सहित तमाम पदाधिकारी मौजूद थे।