रांची: 70 सालों के शासन के बाद भी कांग्रेस का यही अलाप है कि अब न्याय होगा। तो इसका अर्थ तो यही होगा कि अब तक अन्याय हो रहा था। मीडिया से शनिवार को बातें करते हुये राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार ने कहा कि यदि अन्याय हो भी रहा था तो इसकी जवाबदेह खुद कांग्रेस ही थी। कहा कि इससे पहले भी इंदिरा गांधी की सरकार से लेकर मनमोहन सिंह के सरकार तक गरीबी हटाओं के नारे तरह तरह से जनता के समक्ष पेश किया गया व जनता के साथ छल होता रहा।
पोद्दार ने कहा कि गरीबी तो हटी नहीं उल्टे लोगों का जीवन स्तर नीचे हो गया। यह दुर्भाग्य है कि 70 वर्षों तक राज करने के बाद भी देश के एक तिहाई से अधिक घरों तक बिजली तक नहीं पहुंची। कांग्रेस की न्यूनतम आय गारंटी योजना को लेकर राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार ने सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस की न्याय भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए घातक है। न्यूनतम आय गारंटी योजना घोटाले का एक और रास्ता खोलेगी। कांग्रेस लोकलुभावन वादे कर देश की जनता को मूर्ख बनाना चाहती है जो अब मुमकिन नहीं है।