– जोहार जन आशीर्वाद यात्रा का दूसरा दिन
रांची/दुमका: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है, कि प्रदेश की हर बेटी को सुकन्या योजना का पूर्ण लाभ दें, ताकि ना सिर्फ बच्चियों को पढ़ाई में ये मददगार हो, बल्कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने में भी यह कारगर साबित होगा। इसके मार्फत बच्चियां अपने सपनों को पंख दे सकेंगी। सीएम शुक्रवार को दुमका के कुसुमडीज अंतर्गत मिलेनियम स्कूल में बच्चियों से मुलाकात के क्रम में बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपके सशक्तीकरण के लिए सरकार कार्य कर रही है। कहा कि बेटियों की सहभागिता जबतक योजना में नहीं होगी, तबतक आपके सशक्तीकरण की योजना यथार्थ में नहीं बदलेगी। सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए प्रयासरत है और हमें सफलता भी प्राप्त हुई है। बच्चियों ने भी इस दौरान अपने मन की बात को सीएम से साझा की। इससे पूर्व उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।
चौपाल में चाय
जोहार जनआशीर्वाद यात्रा पर निकले मुख्यमंत्री रघुवर दास विगत दो दिनों से पाकुड़ जिले के 6 प्रखंडों में लगातार चौपाल भी लगा रहे हैं। कार्यकर्ताओं संग वे चुनावी तैयारियों पर मंथन भी कर रहे हैं। इस कड़ी वे सीएम आज पाकुड़िया प्रखंड पहुंचें। उन्होंने महेशपुर और हिरणपुर प्रखंड सहित जिला मुख्यालय के सिद्धो-कान्हू पार्क के निकट आयोजित भाजपा द्वारा कार्यक्रम में हिस्सा लिया। आज रात्रि विश्राम पाकुड़ परिसदन में विश्राम करने के बाद 21 सितंबर को मुख्यमंत्री जिले के अमड़ापाड़ा व लिट्टीपाड़ा प्रखंड में जन आशीर्वाद यात्रा में हिस्सा लेने के बाद गोड्डा जाएंगे।