पेड़- पौधे जीवन व संस्कृति हेतु अहम: मुख्यमंत्री

विस विस्थापितों के नवनिर्मित काॅलोनी में पौधरोपण
रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि विस्थापन झारखंड की बड़ी समस्या रही है। विकास हेतु लोगों की जमीन तो ले जी जाती है, लेकिन लोगों को विस्थापित बनाकर छोड़ दिया जाता रहा। जमीन मालिक होने के बावजूद वे विस्थापित कहलाते रहे। उन्हें कागजात नहीं दिये गए। इसके विपरीत हमारी सरकार मानती है कि लोगों को उजाड़ने से पहले बसा दिया जाए। उन्हें मालिक बनाया जाय। श्री दास रविवार को कूटे स्थित विस्थापन व पुनर्वास काॅलोनी में आहूत पौधरोपण कार्यक्रम के आगाज में बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा की जमीन के विस्थापितों के लिए जो यह काॅलोनी बनायी गई है, वो अपने आप के एक मिसाल है। कहा कि यह कॉलोनी महान स्वतंत्रता सेनानी ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव के नाम से जाना जाएगा। कहा कि इस काॅलोनी में सरकार ने वृक्षारोपण कर दिया है। अब आप सबों की यह जिम्मेवारी है कि इनकी देख- रेख करें। पेड़- पौधे जीवन और संस्कृति दोनों के लिए जरूरी हैं। इनका संरक्षण करना है। इसके साथ ही पर्यावरण को बचाने के लिए प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करना होगा। कहा कि आप महिलाएं सखी मंडल बनाएं, सरकार उन्हें प्रशिक्षण देकर रोजगार के साथ जोड़ेगी। इस वर्ष नवंबर से राज्य की 40 हजार महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा।
सीएम ने कहा कि सभी महिलाएं सखी मंडल से जुड़ी हुई हैं। इन्हें रेडी टू इट योजना से जोड़ा जा रहा है। अब ग्रामीण महिलाएं ही आंगनबाड़ी के लिए पौष्टिक आहार तैयार कर भेजेंगी। इससे राज्य के 500 करोड़ रुपये जो बाहर जाते थे, वे ग्रामीण अर्थव्यवस्था में ही रहेंगे। उन्होंने कहा कि यहां थोड़े बहुत काम बाकी रह गये हैं। जनवरी के पहले उन्हें पूरा कर लिया जायेगा। 14 जनवरी के बाद यहां गृह प्रवेश कराया जाएगा। कहा कि कालोनी में ही स्कील डेवलेपमेंट का कैंप लगाकर यहां की महिलाओं को हाउस कीपिंग, टेलरिंग व युवाओं को विभिन्न तरह के प्रशिक्षण दिये जाएंगे। नये विधानसभा, सचिवालय भवन में इन्हें रोजगार मुहैया कराया जाएगा, ताकि घर पर रहते हुए ये काम कर सकें। इस बाबत हटिया विधायक नवीन जायसवाल, वन विभाग के अपर मुख्य सचिव इंदूशेखर चतुर्वेदी, भवन सचिव सुनील कुमार, हेड ऑफ फोरेस्ट संजय कुमार, पीसीसीएफ शशि नंद कुलियार सहित कई अधिकारी व स्थानीय निवासी मौजूद थे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More