मुख्यमंत्री रघुवर दास के आगमन को लेकर उपायुक्त ने अधिकारियों संग की मैराथन बैठक
लोहरदगा: 02 अक्टूबर को जिले के भंडरा प्रखंड के जमगाई पंचायत के झीको गांव में सूबे के मुखिया रघुवर दास के आगमन को लेकर उपायुक्त विनोद कुमार समाहरणालय में वरीय अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में उपायुक्त श्री कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री के आगमन पर विधि व्यवस्था एवं सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विधि व्यवस्था में थोड़ी सी लापरवाही हुई तो संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी पर जबावदेही तय करते हुए सीधी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभा स्थल की सुरक्षा पुरी तरह से मुस्तैदी के साथ होनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को अपने- अपने विभाग की ओर से किए जाने वाले व्यवस्था को पूरी जिम्मेवारी के साथ ससमय पूरा करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने पथ निर्माण, आरइओ एवं विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को सड़क दुरूस्त करने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्बाध बिजली की आपूर्ति करने, सभा स्थल पर पेयजल की समूचित व्यवस्था करने समेत संबंधित विभाग को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
ग्रामीणों से करेंगे सीधा संवाद:
मुख्यमंत्री रघुवर दास झीको गांव में ग्राम चौपाल लगायेंगे जहां वे ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री के द्वारा श्रमदान भी किया जायेगा।
बैठक में मुख्यमंत्री के आगमन पर होने वाले कार्यक्रम की तैयारी द्रुत गति से करने को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में डीडीसी, परियोजना निदेशक आई टी डी ए रबिन्द्र कुमार, अपर समाहर्ता रंजीत कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी ज्योति झा, जिला योजना पदाधिकारी महेश भगत सहित जिले के विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे।