नई दिल्ली/रांची: केंद्र और राज्य सरकार मिलकर झारखंड में अगले महीने यानि सितंबर से कुपोषण के खिलाफ व्यापक अभियान का आगाज करेगी। इसमें निर्वाचित प्रतिनिधियों के अलावे आम जन की भागीदारी भी होगी। नई दिल्ली के शास्त्री भवन अंतर्गत केंद्रीय टेक्सटाइल्स, महिला व बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी व प्रदेश के मुख्यमंत्री रघुवर दास के अलावे विभागीय अधिकारियों के साथ हुई स्टेट न्यूट्रीशन मिशन की समीक्षा बैठक में उक्त निर्णय लिये गये।
इस बाबत केंद्रीय मंत्री ने कहा कि झारखंड आज तेजी से विकास के पद पर अग्रसर है। झारखंड के विकास की चर्चा चारों तरफ हो रही है। कहा कि झारखंड के विकास की पूर्णता हेतु प्रदेश से कुपोषण पूरी तरह समाप्त करना होगा। इसके लिए कुपोषण की समस्या से निपटने हेतु केंद्र व राज्य सरकार मिलकर सामूहिक तौर पर एक व्यापक अभियान शुरू करेगी। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि इस अभियान में महिलाओं विशेषकर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं को एनीमिया के बारे में जागरूक जागरूक किया जायेगा। बैठक में विगत 4 वर्षों में महिला विकास के सारे मापदंडों में राज्य की उल्लेखनीय प्रगति विशेषकर संस्थागत प्रसव में हुई वृद्धि की प्रशंसा हुई। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील कुमार वर्णवाल के अलावे केंद्र व प्रदेश के वरीय अधिकारी मौजूद थे।