45,26,693 वोटर ईवीएम में कैद करेंगे 59 प्रत्याशियों का भाग्य

झारखंड, पलामू, लोहरदगा व चतरा में मतदान कल
स्टेट ब्यूरो: झारखंड में लोकसभा चुनाव के पहले चरण (भारत निर्वाचन आयोग का चौथा चरण) का मतदान सोमवार ( 29 अप्रैल) को होगा। इस बाबत चतरा, लोहरदगा (एसटी) और पलामू (एससी) संसदीय सीट से भाग्य आजमा रहे 59 प्रत्याशियों के भाग्य को यहां के 45,26,693 मतदाता ईवीएम में कैद कर देगें।
गौरतलब हो कि यहां कुल 6,072 मतदान केंद्र बनाये गये हैं। इसमें से 5,765 मतदान केंद्र ग्रामीण व 307 केंद्र शहरी क्षेत्र में स्थापित है। पहले चरण में 23,85,932 पुरुष व 21,40,750 महिला मतदाता हैं। थर्ड जेंडर के 11 मतदाता भी इस बाबत अपने पंसद के प्रत्याशी को वोट देंगे। पहले चरण में 18 से 19 साल के नये मतदाताओं की संख्या 76,835 है। पहले चरण में सबसे ज्यादा मतदाता अनुसूचित जातियों के लिए आरक्षित संसदीय सीट पलामू में हैं। यहां 18,76,378 व चतरा में 14,22,805 वोटर हैं। अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित संसदीय सीट पर 12,27,510 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
पलामू में 19, चतरा में 26 व लोहरदगा में 14 उम्मीदवार के भाग्य का फैसला लिखा जाना है। पलामू (एससी) में 2,426 मतदान केंद्र बनाये गये हैं, जिसमें शहरी इलाके में 169 और ग्रामीण इलाके में 2,257 मतदान केंद्र हैं। इन मतदान केंद्रों पर कुल 18,76,378 मतदाता (09.04.2019 तक अपडेट) अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 10,11,239 पुरुष, 8,65139 महिला हैं। 38,133 मतदाता बिल्कुल युवा हैं व पहली बार मतदान करेंगे। लोहरदगा (एसटी) लोकसभा सीट से 14 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। यहां 1,747 मतदान केंद्रों पर 12,27,510 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 62,60.98 पुरुष, 60,14,05 महिला व 7 थर्ड जेंडर के अलावे 16,495 युवा व नये मतदाता हैं।
निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त चुनाव की तैयारी पूरी:
निष्पक्ष पारदर्शी और भयमुक्त चुनाव संपन्न कराने को लेकर तमाम तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त झारखंड के दिशा- निर्देश पर शहर के सभी मतदान केंद्रों को सीसीटीवी की निगरानी में रखा हुक्का वाले इलाके में महिला पुलिस तैनात किए जाएंगे। तमाम पुलिस पिकेट के पास बैरिकेटिंग लगाया गया है व सभी रास्तों पर चेकिंग पोस्ट लगाया जा चुका है। तमाम मतदाताओं से अपील की कि निष्पक्ष और भय मुक्त होकर अपना मतदान करें। नक्सल प्रभावित बूथों पर सभी मतदानकर्मी पंहुच चुके हैं। तमाम क्षेत्रों के चप्पे- चप्पे पर सीआरपीएफ सहित राज्य पुलिस के जवान तैनात किये गये हैं।
30 अप्रैल की सुबह तक निषेधाज्ञा:
तीनों ही लोकसभा सीट में आज शाम से निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है, जो 30 अप्रैल की सुबह 8 बजे तक लागू रहेगी। इसके तहत मतदान कार्य में लगे पदाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और कर्मचारियों को छोड़कर पांच व उससे अधिक व्यक्तियों के बूथ या मतदान केंद्र भवन के 100 मीटर परिधि में जमा होने या चलने पर प्रतिबंध रहेगा। वहीं, सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों- कर्मचारियों को छोड़, किसी प्रकार का हरवे- हथियार जैसे लाठी- डंडा, तीर- धनुष, गड़ासा, भाला आदि लेकर रोड पर निकलने या चलने पर प्रतिबंध लगाया गया है। वहीं, आरक्षी बल एवं प्राधिकृत व्यक्तियों को छोड़कर अग्नेयास्त्र, अस्त्र- शस्त्र, पंपलेट पदार्थ आदि लेकर चलने या निकलने पर प्रतिबंध रहेगा। मतदान कार्य के शांतिपूर्ण समाप्ति तक मांडर विधानसभा क्षेत्र में किसी प्रकार की शराब बिक्री या सेवन पूर्णतः प्रतिबंधित करते हुए ड्राय डे घोषित है।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More