लालू से अब नहीं कर सकेंगे मुलाकात

रांची: रिम्स में भर्ती चारा घोटाला में सजायाफ्ता एवं राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मुलाकात पर अगले अगले आदेश तक रोक लगा दी गयी है। कोरोना वायरस के प्रभाव के मद्देनजर झारखंड के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने नोटिस जारी किया है। नोटिस के अनुसार 19 मार्च से अगले आदेश तक लालू से मुलाकत पर रोक रहेगी।
आपको बता दें कि हर शनिवार लालू से मुलाकात करने का दिन होता है। उनसे मिलने बिहार के कई जिलों से लोग आते रहते हैं। इधर, बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए उनसे मिलने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है।मुलाकात पर रोक से सम्बन्धित नोटिस उनके पेइंग वार्ड के बाहर लगाया गया है।
वहीं, रिम्स में लालू के वार्ड के ऊपर आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। जिसे लेकर लालू काफी चिंतित हैं। उनसे मुलाकात करने आये नेताओं ने रिम्स प्रबंधन से आइसोलेशन वार्ड हटाने की मांग की थी। इस मामले को लेकर विधानसभा में राजद के नेताओं ने राज्य सरकार पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि जिनके सहयोग से सरकार चल रही है, उन्हीं के वार्ड के बगल में ही आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। इससे पता चलता है कि सबसे ज्यादा खतरा अपने सहयोगियों से है।


