ईसाई रीति से शादी करने पर ST सीट से अयोग्य हों सांसद विजय हांसदा: संत कुमार

साहिबगंज। राजमहल लोकसभा सीट से सांसद विजय हांसदा को अयोग्य घोषित कर दिया जाए। हिंदू धर्म रक्षा मंच ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर यह मांग उठाई है। मंच का आरोप है कि एसटी (आरक्षित) सीट से चुने गए सांसद का जीवन ईसाई परंपराओं के अनुसार चल रहा है। साथ ही उन्होंने ईसाई परंपरा के अनुसार दूसरी शादी की है। इसीलिए उन्हें संसद की सदस्यता से निष्कासित किया जाना चाहिए।
हिंदू धर्म रक्षा मंच के केंद्रीय अध्यक्ष संत कुमार घोष ने पत्र में कहा कि राजमहल सीट, संविधान के तहत अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। इसका मकसद प्रकृति-पूजक आदिवासी समाज को सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधित्व देना है। संत कुमार ने पत्र में 3 बड़े आरोप भी लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सांसद का पहला विवाह फरवरी 2020 में ईसाई रीति-रिवाज से हुआ था।
लोक सभा को भेजे गए पत्र में लिखा गया है कि 2024 में उनकी पहली पत्नी का अंतिम संस्कार भी बरहरवा प्रखंड में ईसाई परंपरा के अनुसार ही किया गया। हाल ही में उनका दूसरा विवाह रांची के संत पॉल कैथेड्रल चर्च में पादरी की मौजूदगी में हुआ। उनका कहना है कि जो व्यक्ति धर्म परिवर्तन कर अपनी मूल आदिवासी परंपरा और रूढ़ियों को छोड़ चुका है, उसे एसटी (आरक्षित) सीट पर प्रतिनिधित्व करने का अधिकार नहीं है।
आगे उन्होंने पत्र में लिखा है कि इस तरह से अल्पसंख्यक और एसटी दोनों का लाभ लेने की स्थिति बनती है। इससे वास्तविक आदिवासी उम्मीदवारों के अधिकारों का हनन होता है और यह अन्याय है।
संत कुमार घोष ने लोकसभा अध्यक्ष से इन तथ्यों की जांच कराने और यदि आरोप सही पाए जाएं तो विजय हांसदा को राजमहल एसटी सीट से अयोग्य घोषित कर कानूनी व संवैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल इस पत्र को लेकर राजमहल की सियासत गरमा गई है। फिलहाल सांसद की ओर से अभी इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि, उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई, परंतु उनका मोबाइल फोन बंद मिला।




