-अजब प्रेम की गजब कहानी
स्टेट ब्यूरो: राजधानी रांची में अजब प्रेम की गजब कहानी वाली खबर सामने आयी है। इसमें यहां एक आशिक ने अपनी मासूका को उसकी शादी के बाद दूल्हे के साथ ससुराल जाते वक्त बीच रास्ते में ही उतार लिया। इसके बाद आशिक ने यहीं पर उसके दूल्हे व परिजनों को जमकर पिटाई की व वहां से फरार हो गये। इस मामले में जहां सनकी प्रेमी पर एफआईआर दर्ज करायी जा रही है, तो दूसरी ओर नगड़ी थाना के लाबेद गांव से दुल्हन को लेकर भागे प्रेमी ने प्रेमिका संग ईटकी थाने में आत्मसमर्पण कर दिया है।
प्रेमी के साथ फरार हुई दुल्हन ने पुलिस के समक्ष दिये बयान में साफ कर दिया है, कि मेरी शादी मेरे परिवार वालों ने जबरन करायी है। मैंने अपने परिवार वालों को पहले ही अपने प्रेम की बातें बता दी थी। दुल्हन अंजली टोप्पो का कहना है कि शादी के पहले ही दूल्हे को अपने प्रेम की बात बताई थी, लेकिन वह नहीं माना। इसी कारण मैं अपने प्रेमी असीम मिंज के साथ अपनी मर्जी से चली आई। प्रेमी असीम मिंज, पिता याकूब मिंज ईटकी थाना क्षेत्र के रानीखटंगा का रहने वाला है। दुल्हन अंजली नगड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम लाबेद, तिरिल आश्रम की रहने वाली है। [URIS id=8357]
गौरतलब है कि रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र के लाबेद गांव में बीती रात शादी के उपरांत विदाई समारोह के बाद जब दुल्हन को दूल्हा (वर बाबू) अपने गांव खूंटी ले जा रहा था। तब गांव से आगे कुछ दूरी पर पहले से घात लगाकर बैठे दुल्हन के प्रेमी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर दूल्हा की कार को रोककर उसकी व उसके परिजनों की पिटाई की, फिर दुल्हन बनी अपनी प्रेमिका को बुलेट पर लेकर वहां से फरार हो गया। दूल्हा खूंटी के फुदी गांव से बारात लेकर लाबेद गांव में शादी करने पहुंचा था। यहां से रात आठ बजे दुल्हन की विदाई की गई। इसी के बाद ये सारी घटना घटित हुई। दुल्हन के प्रेमी के साथ फरार हो जाने के बाद दूल्हे के परिजन दुल्हन के घर पहुंच कर हंगामा करने लगे व आरोप लगाया जानबूझकर अंधेरे में रखकर शादी की गई। परिजनों को पहले से ही दुल्हन के प्रेमी के बारे में सब कुछ पता था।