पत्नी मायके गई तो प्रेमिका को बुलाया घर, हत्या कर शव के टुकड़े को फ्रिज में छिपाया

विशाखापत्तनम: आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है, जहां भारतीय नौसेना के एक तकनीशियन ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर शव के टुकड़े कर दिए और कुछ हिस्सों को फ्रिज में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान चिंताडा रविंद्र के रूप में हुई है, जो नौसेना में तकनीशियन के पद पर कार्यरत था और विशाखापत्तनम के गाजुवाका इलाके में किराए के फ्लैट में रहता था। घटना उस समय हुई जब उसकी पत्नी हाल ही में बच्चे के जन्म के बाद अपने मायके गई हुई थी और घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था।
बताया जा रहा है कि आरोपी और मृतका मोनिका के बीच पिछले कुछ वर्षों से संबंध थे और दोनों की मुलाकात एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच पैसों और संबंध उजागर करने की धमकी को लेकर तनाव था, जिसने आखिरकार हिंसक रूप ले लिया।
घटना वाले दिन आरोपी ने महिला को अपने घर बुलाया, जहां दोनों के बीच बहस हुई और उसी दौरान आरोपी ने उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने सबूत मिटाने के इरादे से शव को तीन हिस्सों में काट दिया। एक हिस्सा फ्रिज में रखा गया, दूसरा बोरे में भरकर बिस्तर के नीचे छिपाया गया, जबकि सिर और अन्य हिस्सों को सुनसान इलाके में ले जाकर जला दिया गया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी घटना के बाद भागा नहीं, बल्कि अपने एक दोस्त को फोन कर पूरी बात बताई और उसके कहने पर खुद ही पुलिस स्टेशन पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसके घर से शव के अवशेष बरामद कर लिए हैं और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
इस जघन्य वारदात ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश पैदा कर दिया है। स्थानीय लोग और मृतका के परिजन आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि यह हत्या पूर्व नियोजित भी हो सकती है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।


