मासूम की हत्या और जुलूस हिंसा से दहला इलाका, भाजपा नेत्री पहुंचीं पीड़ितों के घर

हजारीबाग: जिले के विष्णुगढ़ क्षेत्र में 12 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और उसके बाद निर्मम हत्या की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस अमानवीय घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश और शोक का माहौल है।
इस बीच भाजपा नेत्री एवं समाजसेवी शेफाली गुप्ता ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढाढस बंधाया। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कठोर और त्वरित कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज के लिए बेहद शर्मनाक हैं और दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
वहीं दूसरी ओर, कटकमसांडी प्रखंड में रामनवमी जुलूस के दौरान हुई हिंसक घटना में गदोखर पंचायत के मुखिया नारायण साव के भाई राम कुमार साव की निर्मम हत्या से भी क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। इस दुखद घटना के बाद शेफाली गुप्ता ने शोक संतप्त परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की।
उन्होंने प्रशासन से इस मामले में भी दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की, साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।




