Trusted Tech Alliance: Jio ने Google-Microsoft संग मिलाया हाथ, भारत को मिलेगा डिजिटल फायदा

टेक डेस्क: जियो प्लेटफॉर्म्स ने ग्लोबल टेक दिग्गजों के साथ मिलकर ट्रस्टेड टेक एलायंस बनाया है, जो कनेक्टिविटी से लेकर एआई तक की तकनीकों को सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने पर फोकस करेगा.
म्यूनिख सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस के दौरान घोषित इस एलायंस में अफ्रीका, एशिया, यूरोप और नॉर्थ अमेरिका की 15 कंपनियां शामिल हुई हैं, जिनमें जियो प्लेटफॉर्म्स भारत का प्रतिनिधित्व कर रहा है। एलायंस का मकसद क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर, सेमीकंडक्टर, सॉफ्टवेयर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी तकनीकों के लिए ऐसे मानक तैयार करना है, जिनकी वैश्विक स्तर पर जांच हो सके और जिन पर हर कोई भरोसा कर सके। संस्थापक सदस्यों में अमेजन वेब सर्विसेज (AWS), एंथ्रोपिक, कैसावा टेक्नोलॉजीज, कोहियर, एरिक्सन, गूगल क्लाउड, हान्वाहा, माइक्रोसॉफ्ट, नोकिया, एनस्केल, एनटीटी, रैपिडस, साब और एसएपी जैसी दिग्गज शामिल हैं, और आगे और कंपनियों को जोड़ने की योजना है।
जियो के सीईओ का बयान
जियो प्लेटफॉर्म्स के सीईओ किरण थॉमस ने कहा कि वैश्विक डिजिटल विकास के लिए भरोसेमंद, सुरक्षित और पारदर्शी तकनीक जरूरी है। जियो इस एलायंस का हिस्सा बनकर ग्लोबल पार्टनर्स संग मिलकर अगली पीढ़ी की कनेक्टिविटी, क्लाउड और एआई सिस्टम को मजबूत बनाएगा, ताकि डिजिटल अवसर बढ़ें और लंबे समय तक भरोसा कायम रहे। माइक्रोसॉफ्ट के वाइस चेयर ब्रैड स्मिथ ने जोर दिया कि वैश्विक माहौल में ऐसी कंपनियों का एकजुट होना जरूरी है, जबकि एरिक्सन के सीईओ बोर्ये एकहोम ने कहा कि कोई एक कंपनी या देश अकेले सुरक्षित डिजिटल ढांचा नहीं बना सकता—इसके लिए वैश्विक सहयोग अनिवार्य है।
एलायंस के पांच प्रमुख सिद्धांत
इस गठबंधन ने पांच मुख्य सिद्धांतों पर सहमति जताई है: कंपनियों का ईमानदार संचालन, सुरक्षा की नियमित जांच, मजबूत सप्लाई चेन, सहयोगी सिस्टम और कानूनी अनुपालन में डेटा सुरक्षा। इनके जरिए तकनीक को जहां भी विकसित या इस्तेमाल किया जाए, वह सुरक्षित, विश्वसनीय और जिम्मेदार बनेगी। एक्सपर्ट्स का मानना है कि जियो की भागीदारी से भारत को ग्लोबल डिजिटल मानकों में अहम भूमिका निभाने का मौका मिलेगा, जिससे 5G, क्लाउड और एआई सर्विसेज में ग्राहकों का भरोसा बढ़ेगा।
भारत के लिए फायदे
भारत जैसे तेजी से डिजिटल हो रहे देश के लिए यह एलायंस गेम-चेंजर साबित हो सकता है, क्योंकि जियो जैसे प्लेयर्स के जरिए घरेलू तकनीकें अंतरराष्ट्रीय स्तर की विश्वसनीयता हासिल करेंगी। इससे डेटा सिक्योरिटी मजबूत होगी, निवेश बढ़ेगा और जियो की 5G-अनुकूल सेवाएं ग्लोबल बेंचमार्क पर खरी उतरेंगी। कुल मिलाकर, यह कदम भारत को टेक सुपरपावर बनाने की दिशा में बड़ा योगदान देगा।


