सारठ में मूसलाधार बारिश का कहर, सारठ–देवघर मुख्य सड़क जलमग्न, आवागमन ठप

देवघर: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने सारठ प्रखंड में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारी वर्षा के कारण सारठ–देवघर मुख्य सड़क पर कई स्थानों पर जलभराव हो गया, जिससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई। सड़क नदी का रूप लेती दिखाई दी और लोगों को घुटने भर पानी में होकर आवागमन करना पड़ा।
जलभराव के कारण दोपहिया एवं छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही लगभग ठप हो गई। कई वाहन चालकों को बीच रास्ते से ही लौटना पड़ा, जबकि स्थानीय लोगों को दैनिक कार्यों के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान इस सड़क पर जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है। लोगों ने प्रशासन से जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने तथा सड़क को जल्द यातायात योग्य बनाने की मांग की है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक क्षेत्र में और बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें तथा सावधानी बरतें।


