बागीचों और तालाब किनारे ‘क्षत्रपों’ की सज रहीं महफिलें, चुनावी गणित के ‘सेटिंग्स’ में जुटे प्रत्याशी

साहिबगंज : नगर निकाय आम चुनाव में शहर और गांवों की दीवारें छोटे-बड़े पंपलेट, बैनर और पोस्टरों से पटी है। एक-एक वार्ड में कम से कम आधा दर्जन या इससे अधिक प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं, चुनाव के लिए पूरा जोर भी उनकी तरफ से लगाया जा रहा है। चुनाव की तिथि की घोषणा और चुनाव चिन्ह मिलने के बाद प्रत्येक प्रत्याशी रंग-बिरंगे पंपलेट, पोस्टर और बैनर छपवा कर अपना प्रचार करना शुरू कर दिया था, जो अभी तक जारी है।
गांव और शहरों में चाय-पान की दुकानों और मकानों में प्रत्याशियों के पर्चे पटे पड़े हैं। जिला मुख्यालय से लेकर गली-मोहल्लों में प्रत्याशी स्वयं अपने पर्चे पोस्टर चिपका रहे हैं और अपने समर्थकों के माध्यम से प्रचार करवा रहे हैं। कई प्रत्याशी आज भी पोस्टर चिपकाते देखे गए वहीं, मतदान के लिए अभी समय शेष होने के कारण प्रत्याशी माहौल को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी तरह से आमादा हैं।
मतदाताओं के मांग के अनुरूप प्रत्याशी अपने को मैनेज करने में लगे हैं। मतदान को करीब तीन दिन बाकी हैं, इसीलिए किसी भी समीकरण को उलटने और बैठाने में हर प्रत्याशी पूरी ताकत लगा रहे हैं। जहां जैसी सूचना मिलती है और जहां जैसी डिमांड पहुंचती है उसे पूरा करने में प्रत्याशी मना करने का जोखिम नहीं उठा रहे हैं।
इतना ही नहीं, गांव के बागीचों और तालाब किनारे भी महफिलें जम रही हैं। चुनाव का माहौल गांवों में भी पूरी तरह रंग जमा चुका है। प्रत्याशी और उनके चाहने वाले मतदाताओं के लिए उनकी मांग के अनुसार इंतजाम भी कर रहे हैं। शाम होते ही गांवों के बागीचों और तालाब किनारे चुनिंदा ‘क्षत्रपों’ की महफिलें सज जाती है। यहीं से खान-पान की शुरुआत होती है और देर रात तक इस महफिल में चुनाव की चर्चा चलती है।
इसी महफिल में नित नए समीकरण भी बनाए जा रहे हैं। वहीं, बिगड़ते समीकरणों को साधने के लिए रणनीति भी बनाई जा रही है। प्रत्याशियों के समर्थक अपने स्तर पर एक-एक वोटर पर नजर रखने का काम भी कर रहे हैं। जैसे ही किसी मतदाता के दूसरे प्रत्याशी के पक्ष में बहकने की सूचना आती है। प्रत्याशी के समर्थक और प्रत्याशी खुद मतदाता को साधने में लग जाते हैं। एक-एक मतदाता के मिजाज को ध्यान में रखकर चुनावी गणित ‘सेट’ किया जा रहा है।


