तेज रफ्तार वाहन रोकने पर मनबढ़ों का तांडव, घर में घुसकर पिस्तौल तानी; ग्रामीणों ने चार को दबोचा
_samridh_1200x720-1024x614.jpeg)
पलामू: थाना क्षेत्र के ग्राम कुम्हीटाड़ अंतर्गत सेहरा टोला में बुधवार की शाम और रात दो पक्षों के बीच भारी बवाल हो गया। तेज रफ्तार से मोटरसाइकिल एवं स्कूटी चलाने से मना करने पर शुरू हुआ विवाद रात होते-होते जानलेवा हमले और अपहरण के प्रयास में बदल गया।
करीब दो दर्जन की संख्या में पहुंचे हथियारबंद बदमाशों ने स्थानीय निवासी संदीप कुमार एवं उनके परिवार पर हमला बोल दिया। हालांकि, ग्रामीणों की तत्परता और एकजुटता के कारण आरोपी अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर मौके से चार आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि उनके साथी अपनी आठ मोटरसाइकिलें छोड़कर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही लेस्लीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। साथ ही घटनास्थल से आठ मोटरसाइकिलें जब्त कर ली गईं।
तेज रफ्तार को लेकर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 6:00 बजे आरोपी विकास कुमार सिंह अपने चार साथियों के साथ एक मोटरसाइकिल एवं स्कूटी पर सवार होकर तेज रफ्तार और लापरवाही से सेहरा टोला से गुजर रहा था। सड़क किनारे बरगद के पेड़ के पास स्थानीय बच्चे खेल रहे थे, जो वाहनों की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
जब युवक वापस लौटने लगे, तब स्थानीय निवासी संदीप कुमार ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए उन्हें समझाया कि, “यहां बच्चे खेल रहे हैं, गाड़ी धीरे चलाइए। बड़ा हादसा हो सकता था।”
इतनी-सी बात पर विकास कुमार सिंह भड़क गया। उसने संदीप कुमार के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आत्मरक्षा में संदीप ने भी जवाबी प्रतिरोध किया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और युवकों को वहां से भेज दिया।
रात में दो दर्जन बदमाशों के साथ बोला हमला
शाम के विवाद का बदला लेने के लिए मुख्य आरोपी विकास कुमार सिंह ने कथित तौर पर रात करीब 8:30 बजे आठ मोटरसाइकिलों पर सवार होकर 20 से 25 लोगों के साथ दोबारा सेहरा टोला पहुंचकर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभी बदमाश अवैध पिस्तौल समेत अन्य हथियारों से लैस थे। उन्होंने जबरन संदीप कुमार के घर में घुसकर संदीप एवं उनके चाचा सतेन्द्र राम को घेर लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने दोनों पर पिस्तौल तानकर जान से मारने की धमकी दी तथा उनका जबरन अपहरण करने का प्रयास किया।
ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी
पीड़ित परिवार के शोर मचाने पर पूरा मोहल्ला एवं आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की भारी भीड़ देखकर बदमाशों के हौसले पस्त हो गए और वे भागने लगे।
भागने के दौरान ग्रामीणों ने चार आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपी अपनी आठ मोटरसाइकिलें मौके पर छोड़कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गए।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही लेस्लीगंज थाना प्रभारी ने पुलिस बल को मौके पर भेजा। पुलिस ने ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए चारों आरोपियों को अपनी अभिरक्षा में ले लिया तथा घटनास्थल पर छोड़ी गई आठों मोटरसाइकिलें जब्त कर थाने ले आई।
पीड़ित पक्ष ने मुख्य आरोपी विकास कुमार सिंह सहित अन्य के विरुद्ध जानलेवा हमला, घर में घुसकर मारपीट, अवैध हथियार लहराने एवं अपहरण के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए लिखित आवेदन दिया है। साथ ही परिवार ने पुलिस प्रशासन से जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।




